सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 31 मई। कोसीर के बांधा तालाब परिसर में शनिवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शनिदेव की प्रतिमा की स्थापना की गई। इस अवसर पर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
बताया जा रहा है कि बाँधा तालाब के किनारे शनिदेव मंदिर निर्माण एवं प्रतिमा स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही थी। स्थानीय श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों के सहयोग से यह मांग अब पूरी हो गई है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
स्थापना समारोह के दौरान भजन-कीर्तन, पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
श्रद्धालुओं ने शनिदेव के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और ‘जय शनिदेव’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।


