सारंगढ़-बिलाईगढ़

नवापारा-जशपुर सडक़ निर्माण को मिली मंजूरी
03-Jun-2026 6:18 PM
नवापारा-जशपुर सडक़ निर्माण को मिली मंजूरी

सारंगढ़, 3 जून। क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात के रूप में नवापारा से जशपुर (कछार) तक लगभग 2 किलोमीटर लंबी सडक़ निर्माण कार्य को शासन से स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस सडक़ निर्माण पर 331.06 लाख रुपये की लागत व्यय की जाएगी। लंबे समय से लंबित इस मांग के पूरा होने का श्रेय जिला पंचायत सभापति संतोषी अरविंद खटकर के सतत प्रयासों को दिया जा रहा है। सडक़ निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला पंचायत सभापति संतोषी अरविंद खटकर, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की उम्मीद जताई है। ज्ञात हो कि श्रीमती खटकर ने पूर्व में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को ज्ञापन सौंपकर नवापारा से जशपुर तक सडक़ निर्माण की मांग की थी।

 उन्होंने अवगत कराया था कि यह मार्ग दोनों गांवों को जोडऩे वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे हजारों ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सडक़ की अनुपलब्धता के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों एवं आम नागरिकों को वर्षों से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

विशेष रूप से वर्षा ऋतु में मार्ग की स्थिति अत्यंत खराब हो जाती थी, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ ग्रामीणों का संपर्क भी प्रभावित होता था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला पंचायत सभापति श्रीमती खटकर ने लगातार शासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष मामला उठाया और सडक़ निर्माण की मांग को प्रमुखता से रखा।
उनके निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप अब नवापारा-जशपुर सडक़ निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल गई है। सडक़ निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी तथा कृषि, व्यापार एवं क्षेत्र के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।


अन्य पोस्ट