सारंगढ़-बिलाईगढ़

विजयदशमी पर गढ़ विच्छेदन, विजेता का सम्मान
03-Oct-2025 8:49 PM
विजयदशमी पर गढ़ विच्छेदन, विजेता का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 3 अक्टूबर। विजयदशमी का पर्व सिर्फ रावण दहन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह अच्छाई की जीत और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। छत्तीसगढ़ का सारंगढ़ इलाका इस पर्व को अपने विशेष अंदाज़ में मनाता है। यहां दशहरा का नाम आते ही लोगों की जुबान पर सबसे पहले गढ़ विच्छेदन की परंपरा का जिक्र होता है। रियासत काल से चली आ रही यह परंपरा इस बार भी पूरे वैभव और श्रद्धा के साथ निभाई गई।

शहर का खेलभाठा मैदान शुक्रवार की शाम जनसैलाब में बदल गया। मैदान के चारों ओर खड़े लोगों की भीड़ से ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा सारंगढ़ इस नजारे का गवाह बनने पहुंच गया हो। अनुमान लगाया गया कि करीब 20 से 30 हजार लोग परंपरा को देखने पहुंचे। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में, बच्चे उत्साह से लबालब और बुजुर्ग भावुकता के साथ इस अनोखे आयोजन में शामिल हुए।

मैदान में मिट्टी से तैयार किया गया गढ़ बुराई, असत्य और अन्याय का प्रतीक माना जाता है। इस पर चढऩा आसान नहीं होता। प्रतिभागियों को बार-बार गिरना, फिसलना और चोट लगने जैसी परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। भीड़ हर प्रयास पर तालियों की गडग़ड़ाहट और जय-जयकार से उत्साह बढ़ाती रही।

लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार अजय नामक युवक ने गढ़ फतह किया। उसके गढ़ फतह करते ही पूरा मैदान गूंज उठा। लोगों ने ‘जय श्रीराम’ और ‘जय सारंगढ़’ के जयकारे लगाए। इसके बाद परंपरा अनुसार विजेता अजय ने ही रावण दहन कर विजयदशमी का संदेश दिया।

गढ़ विच्छेदन जीतने वाले अजय को सारंगढ़ राजपरिवार की ओर से विशेष सम्मान दिया गया। उन्हें धोती, राशि और शील्ड भेंट की गई। यह सम्मान सारंगढ़ की वर्तमान राज परिवार की  डॉ. मेनका देवी सिंह ने प्रदान किया। उन्होंने इस मौके पर कहा -सभी देशवासी को दशहरा की शुभकामनाएं एवं मातेश्वरी सब कृपा बनाए रखे और गढ़ विच्छेदन सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि यह हमें सिखाता है कि चाहे संघर्ष कितना भी कठिन क्यों न हो, अंतत: जीत सदैव सत्य और धर्म की ही होती है।

प्रशासन रहा चौकस, व्यवस्था चाक-चौबंद

भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की थी। मैदान के चारों ओर पुलिस जवानों की तैनाती रही। यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया, जिससे भीड़ के बावजूद कहीं अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।

मंच पर विशेष रूप से डॉ. परिवेश मिश्रा, जिला कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौज और सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की परंपरागत गरिमा और स्थानीय लोगों के उत्साह की सराहना की।

परंपरा का इतिहास और महत्व

गढ़ विच्छेदन की परंपरा का इतिहास सारंगढ़ रियासत काल से जुड़ा है। बुजुर्ग बताते हैं कि राजाओं के दौर में दशहरे को सिर्फ रावण दहन तक सीमित नहीं रखा जाता था। उस समय मिट्टी का गढ़ तैयार किया जाता था और उसे जीतना ही असली विजय का प्रतीक माना जाता था।

सारंगढ़ की अलग पहचान

आज जब पूरे देश में दशहरा रावण दहन के रूप में मनाया जाता है, तब सारंगढ़ का गढ़ विच्छेदन इस पर्व को और भी खास बनाता है। यही वजह है कि प्रदेशभर से लोग यहां पहुंचते हैं और इस परंपरा के साक्षी बनते हैं।


अन्य पोस्ट