सारंगढ़-बिलाईगढ़

शिकार करने से पहले 5 शिकारी पकड़ाए
30-Dec-2024 5:18 PM
शिकार करने से पहले 5 शिकारी पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 30 दिसंबर।
गोमर्डा अभ्यारण्य बरमकेला क्षेत्र में शिकार करने के लिए शिकारियों ने कृषि भूमि पर करंट प्रवाहित तार बिछाया था। जिसकी सूचना मुखबीर से गोमर्डा बरमकेला रेंजर को लग गई। इसके बाद रेंजर ने अपनी टीम के साथ मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए 5 शिकारियों को शिकार करने से पहले धरदबोचा।

इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात ग्राम कलगाटार से कृषि भूमि में 33 केवी लाईन से करंट प्रवाहित तार शिकार के लिए शिकारियों ने लगाया था। तभी मामले की सूचना मुखबीर से बरमकेला रेंजर सुरेन्द्र अजय को लग गई। इसके बाद रेंजर सुरेन्द्र अजय अपनी टीम के साथ गश्त पर निकले और बिजली लाईन को बंद कराया गया। मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर पहुंचने पर वहां शिकारियों के द्वारा तार बिछाया गया था। जिसे वन अमला द्वारा निकलवाया गया और डॉग स्क्वायड की मदद ली गई। उसे तार को सूंघाया गया, तो वह कलगाटार का रहने वाला किरला बरिया 50 साल के घर घूस गया।

उसके बाद उसे पकडक़र पूछताछ करने पर उसने अपने सभी साथियों के बारे में बताया। जहां वन अमला ने करनपाली निवासी सुनील बरिहा, दिनेश बरिहा, चंद्रलाल बरिहा व परमानंद बरिहा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं बताया जा रहा है कि इनका एक साथी खोबी चंद बरिहा मौके से फरार हो गया है। जिसकी तालाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में बरमकेला गोमर्डा रेंजर सुरेन्द्र अजय ने बताया कि 5 शिकारियों को पकड़ा गया है। एक आरोपी फरार है उसकी तालाश की जा रही है। आरोपियों के पास से करंट के लिए लगाए गए तार व अन्य समान जब्त किए गए हैं। अभ्यारण्य क्षेत्र में लगातार अपराधिक गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है।  
 


अन्य पोस्ट