सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 12 दिसंबर। भाजपा जिला प्रवक्ता अरविंद हरिप्रिया ने विष्णुदेव साय के मुख्य मंत्री निर्वाचित होने पर तथा रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र की जनता को बधाई प्रेषित की है।
हरिप्रिया ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने अपना वादा पूरा किया। अब छत्तीसगढ़ की डबल इंजन की सरकार मोदी की गारंटी को लागू करेगी। यह छग महतारी के लिए ऐतिहासिक पल है जब डबल इंजन की सरकार मिल कर के भाजपा के संकल्प पत्र को लागू करेगी। पहली बाद छत्तीसगढ़ में भाजपा के अनुसूचित जनजाति वर्ग के मुख्यमंत्री के रूप में जमीन से जुड़े किसानों के हितैषी विष्णु साय जी को दायित्व दिया गया है। इससे पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है , भाजपा के कार्यकर्ता बहुत ज्यादा उत्साहित है। तीन बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहे विष्णु साय जमीन से जुड़े नेता हैं, तथा उनके पास विधानसभा एवं लोकसभा के साथ ही भाजपा संगठन का भी लंबा अनुभव है। छग के हर क्षेत्र से कार्यकर्ता उनसे सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं।
विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्री के रूप में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है तथा मोदी सरकार के प्रथम कार्यकाल में केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री रहे हैं। उस वक्त अरविंद हरिप्रिया उनके सांसद प्रतिनिधी का दायित्व निभाते रहें हैं तथा दिशा समिति में प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। विष्णु देव साय के मुख्यमंत्री निर्वाचित होने पर सारंगढ़ में जमकर आतिश बाजी की गई तथा जिला भाजपा की ओर से केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद भी ज्ञापित किया गया। जिला प्रवक्ता अरविंद हरिप्रिया ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा का संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा था इस वर्ष भाजपा कार्यकत्र्ता तीन दीपावली मनाएंगे। जिस के चलते आज सारंगढ़ में विष्णु साय जी के मुख्यमंत्री बनने पर दिवाली सा माहौल बना रहा।


