राजपथ - जनपथ

राजपथ-जनपथ : पीएससी में तालमेल का टोटा
27-Nov-2026 6:41 PM
राजपथ-जनपथ : पीएससी में तालमेल का टोटा

पीएससी में तालमेल का टोटा

आखिरकार संविधान दिवस पर राज्य सेवा के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने की परंपरा टूट गई। सरकार पीएससी चेयरमैन की नियुक्ति नहीं कर पाई और भर्ती के विज्ञापन जारी नहीं हो सके। अंदरखाने की खबर यह है कि चेयरमैन की नियुक्ति हो भी जाती, तब भी विज्ञापन जारी हो पाना मुश्किल था।

दरअसल, पीएससी चेयरमैन रीता शांडिल्य का कार्यकाल खत्म होने के बाद से आयोग का कामकाज प्रभावित है। वैसे तो आयोग में तीन सदस्य डॉ. प्रवीण वर्मा, संत कुमार नेताम और डॉ. सरिता उइके मौजूद हैं, लेकिन चर्चा है कि आयोग के सदस्यों और सचिव के बीच ठीक तालमेल नहीं है। चेयरमैन का पद खाली होने के बाद से भर्ती प्रक्रिया लगभग ठप पड़ी है।

बताते हैं कि पीएससी ने भर्ती परीक्षाएं और इंटरव्यू तक स्थगित कर दिए हैं। राज्य सेवा के पदों पर भर्ती के लिए सभी विभागों से रिक्त पदों की सूची मांगी जानी थी, लेकिन दो-तीन विभागों की ओर से अब तक पद विज्ञापित करने के लिए कोई जानकारी नहीं भेजी गई है। हैरानी की बात यह है कि पीएससी की ओर से संबंधित विभागों को कोई रिमाइंडर भी जारी नहीं किया गया।

चर्चा तो यह भी है कि पीएससी सचिव और सदस्यों के बीच संवादहीनता की स्थिति है। सचिव की ओर से सदस्यों को आयोग के कामकाज और भर्ती प्रक्रिया की वस्तुस्थिति से भी नियमित रूप से अवगत नहीं कराया जा रहा है। पिछले परीक्षा चक्र के दौरान भी सदस्यों और सचिव के बीच मतभेद उभरकर सामने आए थे। ऐसे में चेयरमैन की नियुक्ति का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है ताकि व्यवस्था पटरी पर आ जाए। देखना है आगे क्या कुछ होता है।

इस्तीफे की खबर से भाजपा में हडक़ंप

नगरीय निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल के इस्तीफे की खबर ने पार्टी में हलचल मचा दी। सोशल मीडिया पर उनका एक कथित इस्तीफा पत्र भी वायरल हुआ। इसमें पद छोडऩे के पीछे राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और जिला महामंत्री अमित तिवारी की भूमिका का जिक्र किया गया था। हालांकि खबर फैलते ही पटेल ने इस्तीफे की बात का खंडन कर दिया।

दरअसल, सारंगढ़ नगर पालिका में चुनाव की तैयारी चल रही है। इसी बीच चर्चा है कि प्रत्याशी चयन को लेकर राजस्व मंत्री और जिला महामंत्री की ओर से जिला अध्यक्ष पर दबाव बनाया जा रहा था। बताया गया कि इसी खींचतान के चलते पटेल ने पद छोडऩे का मन बनाया। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पटेल ने च्छत्तीसगढ़ज् से चर्चा में इस्तीफे की खबर को फेक न्यूज बताया। उनका कहना था कि वे चुनाव को लेकर बैठकें ले रहे हैं, ऐसे में इस्तीफे की खबर पूरी तरह बेबुनियाद है। उनसे जुड़े लोगों ने वायरल पत्र को एआई जनरेटेड बताकर खारिज कर दिया है। फिलहाल, खंडन के जरिए मामले को शांत करने की कोशिश हुई है, लेकिन इस घटनाक्रम ने जिले में भाजपा के भीतर चल रही खींचतान की चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है। अब देखना यह है कि प्रत्याशी चयन के दौरान यह विवाद किस रूप में सामने आता है।

बस्तर के रास्ते की सुहावनी सुबह

कोंडागांव जिले के केशकाल स्थित प्रसिद्ध इको-पर्यटन केंद्र टाटामारी का विहंगम वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है, जो सर्द सुबह घने कोहरे और धुंध की सफेद चादर में लिपटा हुआ है।

टाटामारी के ऊपरी हिस्से में आसमान और पहाडिय़ों के बीच घने सफेद कोहरे की परत फैली हुई है, जबकि नीचे की ओर हरे-भरे घने जंगल और पेड़-पौधे दिखाई दे रहे हैं। पहाड़ी के किनारे पर्यटकों के खड़े होने और इस मनमोहक घाटी को निहारने के लिए पत्थर और रेलिंग से बना एक सुरक्षित व्यूपॉइंट है। वैसे भी हर बार सर्दियों की शुरुआत के साथ ही केशकाल की घाटियों का मौसम बेहद सुहावना हो जाता है। सुबह के वक्त धुंध के बीच से निकलती सूरज की पहली किरणें देखने पर्यटक उत्सुक रहते हैं। केशकाल घाटी को बस्तर का प्रवेश द्वार कहा जाता है और टाटामारी धीरे-धीरे यहां के एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहा है। बस्तर में नक्सल हिंसा की गतिविधियां समाप्त होने के बाद वहां पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है और टाटापारी को भी इसका लाभ मिल रहा है। राजधानी रायपुर की ओर से जाते वक्त यह एक रात बिताने का ठिकाना बना हुआ है। ज्यादातर व्यवस्था यहां के आदिवासी ग्रामीणों ने ही संभाल रखी है।

ट्रैफिक चालान पर सियासत

बीते 17 नवंबर को सरगुजा जिले के सीतापुर में कांग्रेस ने वोट-बचाओ, देश बचाओ रैली निकाली थी। जाहिर है ऐसे राजनीतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में वाहनों में लोग पहुंचते हैं। इसी रैली के रास्ते पर ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की चेकिंग के लिए अपना कैंप लगा लिया। जो भी गाड़ी जा रही थी, उनके दस्तावेजों की जांच की जाने लगी, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस का परीक्षण किया जाने लगा। गाडिय़ों की कतार लग गई। रैली में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ताओं ने हंगामा मचा दिया। बवाल बढऩे पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत भी उस जगह पहुंचे, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वे चेकिंग में लगी पुलिस वालों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहते दिख रहे हैं कि पता नहीं ये सब राजनीतिक कार्यक्रम में जा रहे हैं। भाजपा का कार्यक्रम होता तो क्या इसी तरह से चालान काटने खड़े होते आप लोग?

इस मामले में चल रही सियासत अभी खत्म नहीं हुई है। विधायक रामकुमार टोप्पो ने इस वीडियो पर एक सप्ताह के बाद कमेंट करते हुए कहा कि कांग्रेस के काम का यही तरीका है। वह अपने कार्यकर्ताओं के सही-गलत कार्यों का समर्थन करती है और संरक्षण देती है। ट्रैफिक नियम तोडऩे पर यदि भाजपा कार्यकर्ताओं पर भी कार्रवाई हो सकती है। हम बचाव नहीं करेंगे। पर कानून तोडऩे वालों का कांग्रेस नेता बचाव करते हैं। बयान के बाद भगत का भी पलटवार आया है, उन्होंने कहा कि जिनका अपराध से पुराना नाता रहा हो, उनकी ऐसी बातें अटपटी लगती है।

हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि ट्रैफिक पुलिस रैली के रास्ते पर नियमित चेकिंग के लिए ही तैनात थी, या फिर उसे कोई टास्क दिया गया था कि खास तौर पर इसी रास्ते पर चेकिंग की जाए।


अन्य पोस्ट