राजपथ - जनपथ
महादेव एप को लेकर दावे
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के संचालक सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई और ईडी ने जांच तेज कर दी है। सौरभ से सीबीआई पूछताछ कर चुकी है और अब ईडी उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस बीच भाजपा से जुड़े आयकर सलाहकार अधिवक्ता नरेशचंद्र गुप्ता की एक फेसबुक पोस्ट ने मामले को लेकर नए सवाल खड़े किए हैं।
गुप्ता ने दावा किया है कि भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में भिलाई के कुछ छात्रों के बैंक खातों और राजस्थान के एक कोऑपरेटिव बैंक का इस्तेमाल अवैध रकम के ट्रांसफर के लिए किया गया था। उनका कहना है कि इस सिलसिले में तत्कालीन सीएम सचिवालय के वरिष्ठ कैडर बेस अधिकारियों को लिखित शिकायत और दस्तावेज दिए गए थे, लेकिन फाइलों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सीबीआई मुख्यालय से मांग की है कि तत्कालीन सीएम सचिवालय में पदस्थ रहे और अब उच्च पदों पर काम कर रहे उन अफसरों की भूमिका की भी जांच हो, जिन्हें ये फाइलें मार्क की गई थीं। अब देखना है कि जांच एजेंसियां सट्टा सिंडिकेट के इस शुरुआती नेटवर्क और शिकायतों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल करती हैं या नहीं।
आजा मेरी गाड़ी में बैठ जा...
छत्तीसगढ़ के वर्तमान विधायकों में से कितने विधायकों के पास इनोवा या उसकी जैसी गाडिय़ां हैं, इसका सटीक या ताज़ा आधिकारिक डेटा नहीं है। विधानसभा सचिवालय या चुनाव आयोग की ओर से विधायकों के निजी वाहनों का कोई सार्वजनिक रिकॉर्ड जारी नहीं किया जाता है। मगर आप चुनावी हलफनामे के आधार पर इसका अंदाजा लगा सकते हैं कि किस-किस विधायक के पास इनोवा या उसकी जैसी गाड़ी को खरीदने और चलाने की सुविधा है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स की रिपोर्ट के मुताबिक अपने छत्तीसगढ़ के कुल 90 विधायकों में से 72 विधायक करोड़पति हैं। भाजपा के 54 विधायकों में से 43 करोड़पति हैं। कांग्रेस के 35 विधायक हैं, इनमें से 29 करोड़पति हैं। जाहिर है, जो करोड़पति हैं वे अलग-अलग वेरिएंट के मुताबिक 32 से 35 लाख रुपये में आने वाली इस गाड़ी या उसकी जैसी दूसरी गाड़ी का आनंद उठा सकते हैं। वह गाड़ी इनोवा के अलावा फॉर्च्यूनर, स्कॉर्पियो या कोई दूसरी एसयूवी हो सकती है।
इस गाड़ी पर चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा विधायकों की संख्या आज चुनाव हो जाए तो इतनी कम हो जाएगी कि वे सब एक इनोवा में आ जाएंगे। वेरिएंट के मुताबिक इनोवा में 7 या 8 लोग बैठ सकते हैं। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि ये लोग यूपी की तरह, जहां दो विधायक हैं- बाइक पर आ जाएंगे। गृह मंत्री इजाजत देंगे तो ट्रिपलिंग भी हो जाएगी। लगे हाथ बता दें कि इस वक्त कांग्रेस के सबसे अमीर विधायक भूपेश बघेल ही हैं। उन्होंने अपने हलफनामे में अपनी संपत्ति 33.38 करोड़ बताई है। इसी के आसपास पंडरिया की भाजपा विधायक भावना बोहरा की भी संपत्ति है। उसके बाद विधायक अमर अग्रवाल का नाम है। इसके पहले के 2018 के चुनाव में टीएस सिंहदेव सबसे अमीर विधायक थे, जिनकी संपत्ति 450 करोड़ रुपये से अधिक है। लोकतंत्र की खूबी यही है कि सबसे अमीर नेता भी चुनाव हार जाता है। यह भी सुखद है कि कांग्रेस भाजपा से हर चुनाव में इनोवा या बाइक से अधिक संख्या में लोग चुन लिए जाते हैं , जबरदस्त टक्कर होती रही है। अपने नेतृत्व का लोहा मनवाने के लिए बसों में दिल्ली जाकर प्रदर्शन करते हैं। अतीत में अजीत जोगी और भूपेश बघेल ऐसा कर चुके हैं। दूसरे दलों की खरीद-फरोख्त कर अपनी गाड़ी में बिठाने के हादसे भी राज्य बनने के शुरुआती दौर को छोडक़र, यहां कम ही हुए हैं।
क्या ऐसा दिखेगा स्काईवॉक?
छत्तीसगढ़ के सबसे चर्चित फौलादी ढांचे, राजधानी रायपुर के स्काईवॉक के पूरे होने पर उसका इस्तेमाल कैसा होगा, यह तो अभी साफ नहीं है, लेकिन एआई का इस्तेमाल करके लोग यह कल्पना कर रहे हैं कि शास्त्री चौक इस स्काईवॉक के घेरे के साथ किस तरह का दिख सकता है।
अहिवारा में टिकट की जंग
भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन के बाद विधानसभा सचिवालय ने अहिवारा सीट रिक्त होने की सूचना चुनाव आयोग को भेज दी है। संभावना है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के साथ अप्रैल से पहले यहां उपचुनाव हो सकता है। चुनाव में भले ही अभी वक्त है, लेकिन दावेदार सक्रिय हो गए हैं। भाजपा में दिवंगत विधायक के परिवार के सदस्य को टिकट मिलना तय माना जा रहा है। जबकि कांग्रेस में टिकट को लेकर खींचतान भी शुरू हो गई है। इस खींचतान की वजह पूर्व मंत्री गुरु रुद्र कुमार बताए जा रहे हैं।
रुद्र कुमार अहिवारा सीट से विधायक थे, लेकिन वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सीट बदलकर नवागढ़ से चुनाव लड़ा और हार का सामना करना पड़ा। चर्चा है कि रुद्र कुमार अहिवारा उपचुनाव लडऩा चाहते हैं, मगर टिकट के लिए पूर्व सीएम भूपेश बघेल की रजामंदी जरूरी होगी। मौजूदा परिस्थितियों में भूपेश उनके नाम पर सहमत होंगे, इसकी संभावना कम जताई जा रही है।
इसकी बड़ी वजह युवा कांग्रेस का चुनाव बताया जा रहा है। इसमें गुरु रुद्र कुमार ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के समर्थित प्रत्याशी नरेंद्र बंजारे का समर्थन किया था। यही नहीं, वे देवेंद्र यादव के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र पाटन भी गए थे। ऐसे में स्वाभाविक रूप से उन्हें कांग्रेस के भीतर भूपेश विरोधी खेमे में गिना जाने लगा है।
जहां तक अहिवारा विधानसभा क्षेत्र का सवाल है, वर्ष 2008 के परिसीमन से पहले इसका बड़ा हिस्सा पाटन में आता था। इस लिहाज से भूपेश बघेल का इस क्षेत्र से सीधा जुड़ाव रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने भिलाई-चरौदा के मेयर निर्मल कोसरे को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब उपचुनाव में वक्त रहते पूर्व सीएम के करीबी नए प्रत्याशी की तलाश में जुटे बताए जा रहे हैं। इन तमाम परिस्थितियों को देखते हुए गुरु रुद्र कुमार की दावेदारी फिलहाल कमजोर नजर आ रही है। देखना है, आगे क्या कुछ होता है। ([email protected])