राजपथ - जनपथ

राजपथ-जनपथ : हर आग में दमकल और कलेक्टर
13-Nov-2026 6:10 PM
राजपथ-जनपथ : हर आग में दमकल और कलेक्टर

हर आग में दमकल और कलेक्टर

रायपुर शहर में पिछले साल भर में दर्जन भर बड़ी-बड़ी अग्नि दुर्घटनाएं हुई हैं। बिजली विभाग के ट्रांसफॉर्मरों का बड़ा सा गोदाम जला, एक बेबीलॉन होटल में आग लगी, मेकाहारा अस्पताल में मरीज के ऑपरेशन के बीच आग लग गई, और मरीज को वैसे में ही खिडक़ी की ग्रिल तोडक़र चीरा लगे हुए में निकाला गया, अभी इसी हफ्ते डूमरतराई बाजार में बड़ी आग लगी जो रात भर बुझाई गई, और सबसे ताजा है बीती रात औद्योगिक क्षेत्र भनपुरी में गजराज ओवरहेड टैंक बनाने के प्लास्टिक कारखाने में लगी आग। यह आखिरी की आग बहुत खतरनाक इसलिए थी कि लगी हुई दीवाल के दूसरी तरफ एक दूसरे उद्योग में औद्योगिक विस्फोटक का भंडार था, अगर वहां तक गर्मी से आग पहुंच गई रहती, तो जो तबाही होती उसका अंदाज आसान नहीं है।

अब इनमें से हर आगजनी में एक बात एक सरीखी रही, पहली सूचना मिलने से लेकर पानी की धार बंद होने तक एक अफसर हर जगह पूरी-पूरी रात बैठे और खड़े रहा। रायपुर के कलेक्टर गौरव सिंह के पैर में ट्रांसफॉर्मर गोदाम आग के दौरान तार घुस गया था, और जख्म हो गया था, फिर भी वहीं मलहम-पट्टी करवाकर जमे रहे क्योंकि आसपास की रिहायशी बस्तियों को खाली करवाना शुरू किया गया था, ट्रांसफॉर्मर के तेल का धुआं इतना गहरा और भयानक था। उनके साथ अलग-अलग म्युनिसिपल कमिश्नर रहे, पुलिसवाले भी बदलते रहे, लेकिन रायपुर की हर बड़ी आग में वे पूरे वक्त मौजूद रहे।

आज सुबह भनपुरी के कारखाने में आग बुझ जाने के बाद जब उन्होंने अपनी कार से दीवाली के तोहफों की टोकरियां उतरवाईं, और मौजूद सभी दमकल और पुलिसकर्मियों को कुछ-कुछ बंटवाया, तो लोग हक्का-बक्का रह गए। एक अखबारनवीस ने कलेक्टर से मजाक किया कि आपको शायद ठंड बहुत लगती है, जहां आग लगती है, पूरी-पूरी रात तापते बैठ जाते हैं।

डहरिया से अमित जोगी की गुफ्तगू

दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी इन दिनों विवादों में घिरे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी और सीईसी ज्ञानेश कुमार पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर साझा करने के मामले में भाजपा ने उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी ओर, अमित पिछले कुछ समय से अपनी पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का कांग्रेस में विलय कराने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन पूर्व सीएम भूपेश बघेल के विरोध के चलते उनकी कांग्रेस में वापसी की राह आसान नहीं दिख रही है। इन सबके बीच पूर्व मंत्री डॉ. शिव डहरिया के साथ उनकी गुफ्तगू चर्चा का विषय बनी हुई है।

हालांकि दोनों की मुलाकात का मौका राजनीतिक नहीं, बल्कि शोक का था। दरअसल, दिवंगत पूर्व सीएम अजीत जोगी के करीबी रहे रामधनी वर्मा की पत्नी का दो दिन पहले निधन हो गया। रामधनी उस दौर से जोगी परिवार से जुड़े रहे हैं, जब अजीत जोगी राज्यसभा सदस्य थे। उनके अंतिम संस्कार में जोगी के पुराने सहयोगी भी पहुंचे थे। अमित जोगी भी शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे और काफी देर तक वहां रुके। इसी दौरान उनकी डॉ. शिव डहरिया से लंबी बातचीत होती नजर आई।

डॉ. डहरिया भी कभी अजीत जोगी के पुराने सिपहसालारों में गिने जाते थे, लेकिन जब जोगी ने जनता कांग्रेस का गठन किया तो वे उनके साथ नहीं गए। इसके बाद जोगी परिवार से उनकी दूरियां भी जगजाहिर रही हैं। ऐसे में लंबे समय बाद अमित जोगी और शिव डहरिया की बातचीत को पुराने संबंधों में जमी बर्फ पिघलाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

इधर, युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर डॉ. डहरिया की पूर्व सीएम भूपेश बघेल से नाराजगी की चर्चा है। ऐसे में शोक के माहौल में हुई इस मुलाकात के बावजूद राजनीतिक गलियारों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। अब देखना यह है कि यह महज संयोग था या आने वाले दिनों में कोई नया राजनीतिक समीकरण बनेगा।

राष्ट्रीय पुरस्कार कैसे मिल जाता है?

बिलासपुर की अरपा नदी में सेंदरी से लेकर लालखदान तक किनारे-किनारे कभी पैदल चलकर देखें। प्रदूषण की स्थिति बेहद गंभीर दिखाई देगी। सरकारी रिपोर्ट्स में ही इस बात का उल्लेख है कि कम से कम 70 छोटे बड़े नालों का गंदा पानी सीधे अरपा नदी में जा रहा है। बिलासपुर के चांटापारा, तिलकनगर, सरकंडा और जबड़ापारा का दूषित पानी सीधे नदी में गिरता है। एसटीपी प्लांट करोड़ों खर्च कर तैयार किए गए हैं, रखरखाव पर भी भारी खर्च हो रहा है,  मगर यह एक चौथाई भी गंदे पानी को साफ नहीं करता।  मेडिकल वेस्ट, प्लास्टिक पन्नियां, पूजा सामग्री और घरेलू  कचरा। सबके लिए यह नदी ही निदान है। शिवघाट और जूना बिलासपुर में एनिकट बन जाने के बाद नदी के प्राकृतिक बहाव पर भी असर पड़ा है। ठहरा हुआ पानी मच्छरों का लार्वा पनपा रहा है और किनारे बसे लोग इसे महसूस कर रहे हैं। दिन के समय आम लोगों और खनिज विभाग का थोड़ा डर बना रहता है, मगर रात के समय ट्रैक्टरों और जेसीबी से गहरे गड्ढे कर रेत निकाली जा रही है, जिसमें बीते साल तीन बच्चियों की मौत भी हो गई थी। किसी नदी से रेत जब खाली होती है तो उसका पानी छानने की क्षमता खत्म होती जाती है। बेतरतीब खनन के चलते इस नदी की प्राकृतिक धार  बदल चुकी है। किनारों की मिट्टी कट रही है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने तो ड्रोन से निगरानी करने का निर्देश दे रखा है। पर इसी नदी के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिल गया है। पुरस्कार किस वजह से मिला है? सबसे बढिय़ा रिवर फ्रंट बनाने के लिए। यानि नदी के कटाव को रोकने के लिए जो सडक़ बनाई गई और उसमें बाजार सजाया गया है, उसके लिए। नदी की सेहत दुरुस्त करने के लिए यह पुरस्कार नहीं मिला है। राष्ट्रीय पुरस्कार बिलासपुर जिले के ही बिल्हा को 20 हजार से कम आबादी वाले स्वच्छ शहर के लिए भी मिला है। राजधानी रायपुर को सबसे स्वच्छ शहर के तौर पर चुना गया है।

सौरभ से पूछताछ, हलचल

महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के संचालक सौरभ चंद्राकर से सीबीआई की पूछताछ के बाद पुलिस महकमे में हलचल की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक सौरभ ने पूछताछ में कई अफसरों और कर्मचारियों को 50 लाख रुपए प्रोटेक्शन मनी दिए जाने की बात स्वीकार की है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इससे पहले ईडी ने अपनी जांच में कई नामों का खुलासा किया था। कुछ लोगों से पूछताछ भी हुई और कुछ अफसरों के ठिकानों पर दबिश दी गई थी, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ पाया। अब चर्चा है कि सीबीआई ने चार अफसरों को पूछताछ के लिए समन भेजा है। हालांकि इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है।

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस महकमे के एक विशेष हिस्से में बेचैनी बताई जा रही है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सीबीआई की पूछताछ के बाद जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या इस मामले में कुछ नए नाम सामने आते हैं। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी इसे लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

 


अन्य पोस्ट