राजपथ - जनपथ

राजपथ-जनपथ : बैज के पोस्ट से हलचल
16-Nov-2026 6:41 PM
राजपथ-जनपथ : बैज के पोस्ट से हलचल

बैज के पोस्ट से हलचल

जनजातीय गौरव दिवस पर रविवार को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आदिवासी सम्मेलन हुआ। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होने वाले थे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उनका विमान रायगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर पाया। लिहाजा, उन्होंने सभा को वर्चुअल संबोधित किया।

भीड़ के लिहाज से सभा सफल रही। इससे प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी समेत पार्टी के तमाम प्रमुख नेता उत्साहित थे। हालांकि, कांग्रेस नेता इस पर छींटाकशी करते रहे। इन सबके बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के एक फेसबुक पोस्ट की खूब चर्चा रही।

बैज ने अपने पोस्ट में सवाल उठाया कि आखिर प्रदेश सरकार का वह कौन-सा मंत्री है, जो दीपावली के दिन मुख्यमंत्री निवास में लगातार आठ घंटे तक धरने पर बैठा रहा? प्रदेश अध्यक्ष का पोस्ट था, इसलिए स्वाभाविक रूप से लोग इसकी सच्चाई जानने की कोशिश में जुट गए। मगर बैज का दावा हकीकत से दूर नजर आया। वजह यह कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 7 से 9 नवंबर तक अपने गृह ग्राम बगिया (जशपुर) में थे और परिजनों के साथ दीपावली मना रहे थे। इस दौरान सीएम सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारी भी अपने-अपने परिवारों के साथ त्योहार मना रहे थे।

बैज के करीबियों से भी कुछ लोगों ने उस मंत्री का नाम जानने की कोशिश की, लेकिन कोई नाम सामने नहीं आया। ऐसे में भाजपा इसे जनजातीय गौरव दिवस के बड़े आयोजन के बीच मीडिया में जगह पाने की कोशिश के तौर पर देख रही है। देखना है कि बैज अपने दावे को लेकर आगे क्या कुछ कहते हैं।

तत्काल टिकटों की दलाली हो रही?

रायपुर रेलवे स्टेशन टिकट काउंटर पर छोटे बच्चे को लेकर रातभर कतार में लगने के बावजूद गरिमा ध्रुव को तत्काल टिकट नहीं मिली। उसने पूरे काउंटर में बैठे स्टाफ को हिला दिया। बुलाओ आरपीएफ। आरोप लगाया कि कर्मचारी समय पर आए नहीं। सुबह 9.55 पर कम्प्यूटर ऑन किया और 9.58 पर बताया गया कि सिस्टम हैंग हो गया है। एसी की तत्काल बुकिंग सुबह 10 बजे शुरू होती है। रातभर तत्काल टिकट का इंतजार करते हुए खड़ी हुई महिला को मना कर दिया गया- टिकट नहीं बन सकती। इस मामले में किसकी जिम्मेदारी कितनी थी, यह साफ-साफ कहा नहीं जा सकता, मगर यात्रियों की आम शिकायत है कि तत्काल टिकट के मामले में बहुत गड़बड़ी होती है। इसके कई पैंतरे हैं।  दलाल आरक्षण केंद्र के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर पहले से ही फॉर्म अंदर रखवा देते हैं। आम यात्री के लाइन में सबसे आगे होने के बावजूद सिस्टम धीमा होने या सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर पहले दलालों के टिकट प्रिंट कर दिए जाते हैं। टिकट दलाल अपने गुर्गों या दिहाड़ी मजदूरों को रात से ही आरक्षण केंद्र की लाइन में आगे खड़ा कर देते हैं। सुबह बुकिंग शुरू होने से ठीक पहले ये लोग मोटी रकम लेकर अपनी जगह किसी अन्य यात्री या मुख्य दलाल को बेच देते हैं। ऑनलाइन बुकिंग में दलाल नेक्सस या गदर जैसे प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करते हैं। ये सॉफ्टवेयर आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर कैप्चा और ओटीपी को बायपास कर चंद सेकंड में कई कन्फर्म टिकट बुक कर लेते हैं। आम नागरिकों के आधार कार्ड और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर सैकड़ों फर्जी पर्सनल यूजर आईडी बनाई जाती हैं। इन आईडी के जरिए तत्काल कोटे की सीटें ब्लॉक कर उन्हें बाद में दोगुने या तिगुने दामों पर जरूरतमंद यात्रियों को बेचा जाता है। रेलवे के वाणिज्य विभाग की जिम्मेदारी है कि इन गड़बडिय़ों को रोके। रायपुर के मामले में भी जांच तो बनती है।

डीए और रामायण से सीख

सर्वविदित है कि सरकारी अमले की तनख्वाह (पे-बिल) महीने की 20 तारीख की उपस्थिति के मुताबिक बनने लगती है। इसे देखते हुए कर्मचारियों में हलचल बढ़ गई है। वजह यह है कि 1 दिसंबर को मिलने वाले वेतन में डीए भी जुडक़र मिलेगा, लेकिन यह 10 माह का बकाया नहीं, केवल एक माह का ही होगा। इसे लेकर कर्मचारी संगठनों में विरोध के स्वर उठ रहे हैं। कुछ संगठनों ने 19 नवंबर को मंत्रालय के ठीक सामने आदेश की प्रति जलाने का फैसला भी कर लिया है।

संघों के वाट्सएप ग्रुप में तरह-तरह की चर्चाएं वायरल हो रही हैं। कुछ कर्मचारी इस मुद्दे पर अपने नेताओं की चुप्पी पर आश्चर्य जता रहे हैं, तो कुछ आपसी गुटबाजी छोडक़र पटवारी संघ की तरह बड़े विरोध पर उतरने की बात कह रहे हैं।

एक कर्मचारी ने अपने संघर्षशील साथियों के नाम पोस्ट में लिखा है कि रामायण ने हमें एक बड़ा सबक सिखाया है। जब भगवान श्रीराम ने समुद्र से तीन दिन तक हाथ जोडक़र अनुनय-विनय किया, तो रास्ता नहीं मिला। लेकिन जैसे ही उन्होंने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया, समुद्र तुरंत जाग गया।

पोस्ट में आगे लिखा गया है कि साथियों, हमारी स्थिति भी आज ठीक वैसी ही है। सालों से ज्ञापन और निवेदन देने के बाद भी शासन नहीं जागा, क्योंकि उसने हमारी शराफत को कमजोरी मान लिया है। सरकार हर योजना पर करोड़ों खर्च करती है, लेकिन अल्प-वेतनभोगी कर्मचारी, जो शासन-प्रशासन की असली रीढ़ हैं, आज भी आर्थिक और मानसिक तंगी से जूझ रहे हैं। जब घर चलाने वाला कर्मचारी ही अंदर से टूटा होगा, तो वह पूरी ताकत से राज्य की सेवा कैसे करेगा?

पोस्ट में कर्मचारियों से गुटबाजी छोडक़र एकजुट होने और संगठित शक्ति दिखाने का आह्वान किया गया है। संकल्प लेने की अपील की गई है कि अब केवल मांग नहीं करेंगे, बल्कि एकजुटता के दम पर अपना हक लेकर रहेंगे।

इसके जवाब में एक अन्य कर्मचारी ने लिखा है कि आज से बीस साल बाद, जब हमारे नाती-पोते जीवन के अनुभव और कहानियां सुनना चाहेंगे, तब हमारे पास सुनाने के लिए क्या होगा? क्या हम उन्हें सिर्फ अपनी मजबूरियों और समझौतों के किस्से सुनाएंगे या उस दौर की कहानी सुनाएंगे, जब हमने अपने हक, मेहनत और स्वाभिमान के लिए एकजुट होकर आवाज उठाई थी?

जवाब में आगे कहा गया है कि सच्चा आदर्श वह नहीं होता, जिसने कभी कठिनाइयों का सामना न किया हो, बल्कि वह होता है, जिसने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और समाज के हितों की रक्षा की हो। जब हम आज अपने अधिकारों के प्रति सजग होते हैं, तो केवल अपना वर्तमान नहीं सुधारते, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य की नींव भी रखते हैं।

बस्तर की वादियों में राजसी रहस्य

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध आदिवासी संस्कृति के बीच इतिहास के कई ऐसे पन्ने छिपे हैं, जिनसे दुनिया अभी पूरी तरह वाकिफ नहीं है। ऐसा ही एक रहस्य दंतेवाड़ा जिले की बैलाडीला पहाडिय़ों में स्थित नंदराज पर्वत के घने जंगलों और विशाल चट्टानों के बीच मौजूद है। यहां एक या दो नहीं, बल्कि चार से अधिक रहस्यमयी गुफाओं की मौजूदगी की जानकारी सामने आई है। इन गुफाओं को लेकर स्थानीय लोगों में यह मान्यता प्रचलित है कि प्राचीन काल में बस्तर का राजपरिवार जगदलपुर स्थित राजमहल तक गुप्त रूप से आने-जाने के लिए इन्हीं गुफाओं का उपयोग करता है।

पहली नजर में ये सामान्य प्राकृतिक गुफाएं लगती हैं, लेकिन इन गुफाओं का वास्तविक विस्तार कितना है, इनकी अंदरूनी बनावट कैसी है और इनका दूसरा छोर कहां निकलता है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। सुरंग का कोई प्रमाणित नक्शा या पुरातात्विक दस्तावेज उपलब्ध नहीं है, फिर भी पीढिय़ों से यह कहानी चली आ रही है कि ये राजमहल को जोड़ती हैं। वैसे जगदलपुर के ऐतिहासिक दलपत सागर के मंदिर से भी राजमहल तक भूमिगत कक्ष होने की मान्यता है। इसके अलावा, नंदराज पर्वत केवल खनिज ही नहीं, बल्कि आदिवासी आस्था और ‘पितोड़ रानी’ जैसी परंपराओं का भी प्रमुख केंद्र माना जाता है।

इधर, बैलाडीला इलाके में लौह अयस्क के व्यावसायिक खनन की प्रक्रिया तेज हो गई है। बैलाडीला डिपॉजिट-13 की लीज एनएमडीसी-सीएमडीसी को सौंपी जा चुकी है।


अन्य पोस्ट