राजपथ - जनपथ

राजपथ-जनपथ : लोकभवन का दीवाली मिलन
17-Nov-2026 5:59 PM
राजपथ-जनपथ : लोकभवन का दीवाली मिलन

लोकभवन का दीवाली मिलन

लोकभवन में तीन दिन पहले आयोजित दीवाली मिलन समारोह इस बार खासा चर्चा में रहा। राज्य गठन के बाद यह पहला मौका है, जब किसी राज्यपाल ने दीवाली मिलन का आयोजन किया। आमतौर पर लोकभवन (पूर्व राजभवन) में स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस की शाम हाई-टी का आयोजन होता रहा है। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, स्थानीय नेता और गणमान्य नागरिक शामिल होते हैं। लेकिन इस बार दीवाली मिलन ने अलग ही रंग दिखाया। राज्यपाल रमेन डेका ने खुद आगंतुकों की अगवानी की।

समारोह में संगीत संध्या भी आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन की जिम्मेदारी संस्कृति विभाग ने संभाली थी। छत्तीसगढ़ी गीतों से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद राज्यपाल की पसंद को ध्यान में रखते हुए प्रसिद्ध गायक भूपेन हजारिका के दो असमिया गीतों की प्रस्तुति दी गई। खास बात यह रही कि अफसरों और कर्मचारियों ने भी अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा दिखाई। संस्कृति सचिव एस. भारतीदासन ने फिल्म 'चितचोर' का मशहूर गीत 'गोरी तेरा गांव बड़ा प्यारा...' गाकर मेहमानों का मन मोह लिया।

हालांकि इस समारोह की चर्चा सिर्फ संगीत और मेहमाननवाजी तक सीमित नहीं रही। लोकभवन में होने वाली हाई-टी में कांग्रेस के विधायक और विपक्ष के पदाधिकारी भी आते रहे हैं, लेकिन दीवाली मिलन में विपक्ष का एक भी विधायक नजर नहीं आया। सीएम विष्णुदेव साय, सरकार के मंत्री, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और भाजपा विधायक जरूर मौजूद रहे। ऐसे में विपक्षी नेताओं की गैरमौजूदगी पर राजनीतिक गलियारों में कानाफूसी होती रही।

 देवेन्द्र-रिकेश को लेकर चर्चा

नगरीय निकाय चुनाव में भिलाई महापौर पद को लेकर हलचल तेज है। महापौर पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। कांग्रेस में विधायक देवेंद्र यादव का नाम लिया जा रहा है, तो भाजपा में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की चर्चा है। दोनों ही विधायक अपनी-अपनी पार्टियों के मजबूत चेहरे हैं। दिलचस्प यह है कि दोनों दल पहले भी विधायकों को महापौर पद के लिए चुनाव मैदान में उतार चुके हैं। अविभाजित मध्यप्रदेश में तरुण चटर्जी और स्वरूपचंद जैन इसके उदाहरण हैं।

कांग्रेस में मौजूदा महापौर नीरज पाल को लेकर असंतोष की चर्चाएं हैं। ऐसे में पार्टी नए चेहरे पर दांव लगा सकती है। देवेंद्र यादव पहले भी महापौर रह चुके हैं। हालांकि उनकी उम्मीदवारी पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की राय अहम होगी। उधर, रिकेश सेन चार बार पार्षद रह चुके हैं। उनके करीबियों का कहना है कि वे खुद होकर दावेदारी नहीं करेंगे, लेकिन पार्टी कहेगी तो पीछे भी नहीं हटेंगे। भाजपा फिलहाल सर्वे के जरिए माहौल भांप रही है।

अब देखना यह है कि दोनों दल विधायकों को महापौर पद के लिए चुनाव मैदान में उतारते हैं या फिर किसी नए चेहरे पर दांव लगाते हैं। फिलहाल भिलाई की राजनीति में महापौर की कुर्सी को लेकर विधायकों के नामों की चर्चा जरूर तेज हो गई है।

एक हाथी की चार जिलों में तलाश

इस हाथी का प्रोफाइल और नाम दिलचस्प है। उम्र करीब 20 साल और नाम कबरा कान है। कानों में एक खास रंग होने के कारण स्थानीय लोग इसे कबरा कान कहने लगे। वजन 3 टन है और इसके हिस्से में 16 लोगों की मौत दर्ज है। कबरा कान पिछले छह-सात महीनों से कोरिया, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के जंगलों में करीब 75 किलोमीटर के दायरे  में घूम रहा है। एक रात में 35 से 40 किलोमीटर तक की दूरी तय कर लेता है। हाल ही में उसे पकडऩे के लिए ट्रैंकूलाइज करने की मंजूरी केंद्र से वन विभाग को मिल गई है। इसके बाद इन चारों जिलों में 100 से अधिक कर्मचारियों की टीम उनकी तलाश कर रही है। ड्रोन तो लगाए गए हैं ही, तीन पशु चिकित्सक, कर्नाटक से प्रशिक्षित दो कुमकी हाथी साथ हैं। शायद कबरा कान को पता चल गया है कि उसका पीछा किया जा रहा है। इसीलिए वह बीच-बीच में किसी-किसी हाथी दल के साथ-साथ घूमने लगता है ताकि आसानी से पहचाना में न आ सके। हालांकि वन विभाग के अफसरों का कहना है कि प्राय: अकेले घूमने वाले इस हाथी को कोई भी दल अपने साथ स्थायी तौर मिलाने का इच्छुक नहीं दिखता, इसलिए वह अलग-अलग झुंडों में दिखता है। उनके साथ नहीं चलता और 20-25 मीटर पीछे होता है।

अभी दो तीन पहले उसे पिंगला कोयला खदान के पास देखा गया।  वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती हाथी को बेहोश करने के बाद सुरक्षित बाहर निकालने की है। अधिकारियों के अनुसार, बेहोशी की दवा का असर होने पर हाथी अर्धचेतन अवस्था में पहुंच जाएगा। ऐसे में उसे घने जंगल से उठाकर ले जाना मुश्किल होगा। इसलिए विभाग उसके जंगल से बाहर निकलने का इंतजार कर रहा है।


अन्य पोस्ट