राजपथ - जनपथ

राजपथ-जनपथ : धीरेंद्र शास्त्री पर दिग्विजय सिंह के आरोप
12-Nov-2026 5:56 PM
राजपथ-जनपथ : धीरेंद्र शास्त्री पर दिग्विजय सिंह के आरोप

धीरेंद्र शास्त्री पर दिग्विजय सिंह के आरोप

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपने बयानों की वजह से हमेशा चर्चा में बने रहते हैं। पिछले दिनों गुना में उन्होंने बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कुमार शास्त्री पर तंज कसते हुए कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में जिन नेताओं ने शास्त्री की कथा कराई वे सब चुनाव हार गए। अब खोजबीन करें तो पता चलेगा कि हिंदूराष्ट्र की अवधारणा के प्रचारक इस कथावाचक के प्रति किसी एक दल का सम्मोहन नहीं रहा, सभी सानिध्य के लिए आतुरता दिखाते थे, हैं। दिग्विजय सिंह ने बात उठाई तो कुछ पुराने पन्ने टटोलने पड़े। कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ ने अगस्त 2023 में अपने गढ़ छिंदवाड़ा के सिमरिया में तीन दिन की हनुमंत कथा कराई, पं. शास्त्री की आरती उतारी। हालांकि इसके बाद नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार हो गई। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में नकुलनाथ, भाजपा के बंटी साहू से हार गए। इंदौर-एक से कांग्रेस के स्थापित नेता विधायक संजय शुक्ला ने धीरेंद्र शास्त्री की कथा कराई और वे कैलाश विजयवर्गीय के हाथों चुनाव हार गए। देवालपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के विशाल पटेल ने चुनावी साल में शास्त्री की कथा कराई, वे भी चुनाव हार गए। भाजपा प्रत्याशी मनोज निर्भय सिंह को वहां जीत मिली। मगर ऐसा सबके साथ नहीं हुआ। खुद दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह ने राघौगढ़ में धीरेंद्र शास्त्री का धार्मिक आयोजन कराया, और वे चुनाव जीत गए। कुछ और नेता रहे जिन्होंने कथा कराई और चुनाव जीत गए। मगर, कथा और चुनाव परिणाम से इसका सीधा संबंध जोड़ा जाना मुश्किल है।

छत्तीसगढ़ की बात करें तो जनवरी 2023 में पहली बार धीरेंद्र शास्त्री का अवतरण हुआ। उन्होंने नागपुर की कथा तय अवधि से दो दिन पहले ही खत्म कर दी, रायपुर आ गए। उनके चमत्कारों को चुनौती देने वाले श्याम मानव ने 30 लाख रुपये की शर्त लगाई थी और कहा था कि वे साबित कर देंगे कि कोई अलौकिक शक्ति उनके पास नहीं है। लोगों ने कहा कि चुनौती से घबराकर वे कथा अधूरी छोडक़र चले गए। शास्त्री ने कहा कि, नहीं- उनका पहले से ही यही कार्यक्रम था। तब रायपुर में स्वागत करने वालों में प्रमुख लोग कौन-कौन थे? तत्कालीन राज्यपाल अनुसुईया उइके, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय। इनमें से कोई हारा हुआ है, कोई जीता हुआ। पर एक बात तय है कि मनमाफिक जगह पर नहीं बैठे हैं।

मिशन-2028 का शंखनाद

सरकार के कार्यकाल को तीन वर्ष हो रहे हैं, और भाजपा मिशन-2028 की तैयारियों में जुट रही है। एक तरह से बिरसा मुंडा जयंती पर 15 तारीख को धरमजयगढ़ में सभा से इसकी शुरूआत हो रही है। कहा जा रहा है कि आदिवासी सम्मेलन के लिए धरमजयगढ़ का चयन काफी सोच समझ कर किया गया है। दरअसल, धरमजयगढ़ आदिवासी आरक्षित विधानसभा सीट है, और ये रायगढ़ जिले में आता है। पिछले दो चुनाव में रायगढ़ की पांच सीटों में भाजपा का प्रदर्शन काफी खराब रहा है। वर्तमान में रायगढ़ को छोडक़र बाकी चारों विधानसभा सीट कांग्रेस के पास है।

इन सबको देख भाजपा ने रायगढ़ जिले में अपना फोकस किया है। धरमजयगढ़ में सभा से कोरबा जिले की विधानसभा सीटों तक माहौल बन सकता है। यही वजह है कि भाजपा यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सभा को सफल बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है।

प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी ने खुद बुधवार को धरमजयगढ़ जाकर सभा की तैयारियों का जायजा लिया। वैसे तो रायगढ़ के विधायक होने के नाते वित्त मंत्री ओपी चौधरी खुद सभा में अच्छी खासी उपस्थिति सुनिश्चित करने की कोशिशों में लगे हैं, लेकिन कृषि मंत्री रामविचार नेताम को विशेष रूप से जिम्मेदारी दी गई है। चर्चा है कि सभा के संचालन की जिम्मेदारी रामविचार नेताम संभालेंगे। सभा के जरिए रायगढ़, कोरबा, और पूरे जशपुर में माहौल बनाने की योजना है। देखना है आगे क्या होता है।

छोटी प्रशासनिक सर्जरी

नगरीय निकाय चुनाव के शंखनाद से पहले छोटा-सा प्रशासनिक फेरबदल हो सकता है। इसमें अहिवारा विधानसभा उपचुनाव को भी ध्यान में रखा जाएगा। फेरबदल में आधा दर्जन से अधिक अफसरों को इधर से उधर किया जा सकता है। इनमें एक-दो कलेक्टर भी हो सकते हैं।

संभावना है कि 30 तारीख को निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद एक या दो दिसंबर को चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा हो सकती है। चुनाव दिसंबर के तीसरे हफ्ते में संभावित है। कहा जा रहा है कि स्थानीय स्तर पर कुछ फेरबदल के लिए दबाव है। इस पर विचार-मंथन चल

रहा है।

इससे परे 31 दिसंबर को बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह रिटायर हो रहे हैं। इसके अलावा जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे एक जनवरी से सचिव के पद पर प्रमोट हो जाएंगे। यही नहीं, भिलाई नगर निगम कमिश्नर सुरुचि सिंह भी छुट्टी पर जा रही हैं। इन सबको देखते हुए एक छोटी-सी सूची जारी हो सकती है। देखना है, आगे क्या होता है।


अन्य पोस्ट