राजपथ - जनपथ
चुनाव तिथि की घोषणा बाकी, दावेदारों पर चर्चा
नगरीय निकाय चुनाव की हलचल तेज हो गई है। चुनाव की तिथि भले ही घोषित नहीं हुई है, लेकिन दीवारों पर लेखन शुरू हो गया है। चारों नगर निगमों में सबसे ज्यादा उत्सुकता भिलाई-चरौदा को लेकर है, जहां पूर्व सीएम भूपेश बघेल निवास करते हैं। सीएम विष्णुदेव साय भी मंगलवार को वहां दौरा करने वाले हैं।
भिलाई-चरौदा में चुनावी हलचल के बीच प्रत्याशी को लेकर अलग तरह की चर्चा है। कांग्रेस से मोटे तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने भतीजे सुजीत बघेल को महापौर प्रत्याशी बनवा सकते हैं। सुजीत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भी रहे हैं। उनकी अच्छी पकड़ भी है। भाजपा से सांसद विजय बघेल की पसंद पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शशिकांत बघेल के नाम पर मुहर लग सकती है।
दिलचस्प बात यह है कि सुजीत और शशिकांत आपस में नजदीकी रिश्तेदार हैं। दोनों चचेरे भाई हैं। दोनों के बीच संबंध मधुर हैं। आर्थिक रूप से भी दोनों सक्षम हैं। शशिकांत तो राजधानी रायपुर के बड़े बिल्डर्स परिवार से हैं। मगर आमने-सामने होने की स्थिति में दोनों चुनाव में पैसा बहाएंगे, इसको लेकर कई लोगों को शंका है।
कुछ नेता वर्ष 2009 का लोकसभा चुनाव याद करते हैं। तब महासमुंद सीट से वर्तमान रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू कांग्रेस प्रत्याशी थे, जबकि भाजपा ने चंदूलाल साहू को प्रत्याशी बनाया था। दोनों के आपस में अच्छे संबंध रहे हैं। लिहाजा दोनों ने हाथ खींच लिए थे और बहुत कम खर्च हुए थे। दोनों ही दलों के कार्यकर्ता अपने प्रत्याशियों से नाखुश थे। उस समय क्षेत्र में नारा प्रचलित था- न लादेन न बुश, दो डहर साहू खुश।
दोनों ही प्रत्याशी बने तो कमोबेश ऐसी स्थिति भिलाई-चरौदा में भी बन सकती है। फिलहाल तो इस तरह की कई चर्चाएं चल रही हैं। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद चुनावी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
इंजीनियरों के निलंबन पर उठे सवाल
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में पिछले चार दिनों के भीतर बड़ी कार्रवाई हुई। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के 13 इंजीनियरों को एक साथ निलंबित कर दिया गया।
आरोप है कि सडक़ निर्माण किए बिना ही ठेकेदारों को करीब 19 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान कर दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर विभाग में नाराजगी है। इसके खिलाफ अधिकारियों और कर्मचारियों के संगठन में चर्चा हो रही है, और कहा जा रहा है कि इस मामले में इंजीनियरों को बलि का बकरा बनाया गया है।
दरअसल, यह मामला पिछली सरकार के कार्यकाल का है। जांच में दर्जन भर ऐसी सडक़ों का उल्लेख किया गया, जिसका निर्माण हुआ ही नहीं, लेकिन उनके नाम पर भुगतान कर दिया गया। बताया गया कि पोर्टल पर सडक़ निर्माण की प्रगति लगातार दर्ज की जाती रही। हालांकि कार्रवाई सिर्फ इंजीनियरों पर होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विभाग में यह भी कहा जा रहा है कि सडक़ निर्माण कार्यों की प्रगति की कई स्तरों पर समीक्षा होती है। भुगतान की प्रक्रिया में कलेक्टर तक की भूमिका होती है और उनके हस्ताक्षर से राशि जारी की जाती है। इसके बावजूद कार्रवाई कार्यपालन यंत्री से लेकर उपयंत्री स्तर तक के अधिकारियों पर ही हुई है। बड़े अफसरों की जिम्मेदारी तय नहीं हुई है। अब विभाग के अफसर और कर्मचारी विभागीय कार्रवाई के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। देखना है कि इस मामले में आगे क्या कुछ होता है।
युवा नौकरशाहों में बेकाबू होती लिप्सा, नाली में साख
सीजीपीएससी परीक्षा में 21वीं रैंक हासिल कर जब कोई युवा राज्य कर सहायक आयुक्त जैसे पद पर पहुंचता है, तो वह हजारों अभ्यर्थियों के लिए आदर्श बन जाता है। मगर, कांकेर में पदस्थ आंचला गिरी ने अपने ही व्यक्त आदर्शों की धज्जियां उड़ा दी। महज डेढ़-दो साल की नौकरी और मार्च 2025 से कांकेर में मिली पहली फील्ड पोस्टिंग में ही इस उस पर भ्रष्टाचार का ऐसा दाग लगा दिया है, जिसने प्रशासनिक तंत्र को शर्मसार कर दिया है।
आरोप है कि मैडम ने एक स्क्रैप कारोबारी के ई-वे बिल के मामले में जब्त ट्रक छोडऩे और 10 लाख की पेनाल्टी से राहत देने के बदले सीए इमरान मेमन के माध्यम से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी। विडंबना देखिए कि जिस युवा महिला अधिकारी के मॉक इंटरव्यू के वीडियो अब तक युवाओं को ईमानदारी और नैतिकता का पाठ पढ़ाते थे, वही एसीबी की दबिश होने पर रिश्वत के नोटों के बंडल घर के बाहर नाली में फेंकती पकड़ी गईं। महज 20-22 महीनों की सेवा में ही यदि धनसंग्रह की यह भूख इतनी बेकाबू हो जाए, तो बाकी बचे तीन दशक के सेवाकाल की कल्पना भयावह है।
छत्तीसगढ़ में प्रोबेशन में ही भटकने का यह पहला मामला नहीं है। सरगुजा में पहली फील्ड पोस्टिंग के तहत सीएसपी पद पर तैनात 2022 बैच के प्रोबेशनरी आईपीएस राहुल बंसल पर साइबर फ्रॉड केस रफा-दफा करने के बदले हवाला के जरिए एक करोड़ रुपये लेने का आरोप लगा, जिसकी गूंज दिल्ली की विशेष सीबीआई अदालत तक पहुंची। भले ही आईजी की जांच रिपोर्ट में उन्हें बचा लिया गया, मगर उन्होंने जो खाकी पहन रखी है उसे लोग तो हमेशा संदेह की नजर से देखेंगे। इसी तरह, कुछ बरस पहले भानुप्रतापपुर (कांकेर) में प्रोबेशनरी एसडीएम रहते हुए 2012 बैच के आईएएस रणबीर शर्मा एक पटवारी से 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और 10 हजार की पहली किस्त लेते एसीबी के जाल में फंसे थे। बाद में कोरोना काल में सूरजपुर कलेक्टर रहते हुए एक युवक को थप्पड़ मारने और मोबाइल पटकने के मामले ने भी इस अफसर की प्रशासनिक संवेदनहीनता की पोल खोली थी।
यह रोग पड़ोसी राज्यों से लेकर यूपी और दिल्ली तक भी है। बहुत से कारनामे ध्यान में आते हैं, पर लिखने से बात लंबी हो जाएगी।
आंचला गिरी ने नैतिकता के पेपर में जबरदस्त अंक हासिल किए। मगर, फील्ड में उतरते ही वही नैतिकता कहां गायब हो गई? क्या परीक्षा की तैयारी के दौरान ही जनसेवा पीछे छूट गई? परीक्षा के दौरान ही क्या सारी मेहनत दिमाग में यह रखकर की जाती है कि हमें तो लूट का हिस्सा बनना है? पद मिल जाए तो उसे जल्दी ही करोड़ों की संपत्ति बनाने की मशीन बनानी है?
धान के कटोरे में समृद्धि की बगिया
हरे-भरे पेड़ों की छांव के नीचे पीले और नारंगी गेंदा फूलों की यह लंबी कतार किसी खूबसूरत चित्रकारी जैसी नजर आ रही है। खेतों में बिखरे इन चटक रंगों की छटा उत्तराखंड के फूलों की घाटी का एहसास करा रही है। मगर यह दृश्य छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड स्थित ग्राम कोडक़ेल के किसान विद्याधर पटेल के खेत का है।
विद्याधर 7 से 8 एकड़ में गेंदा फूलों की शानदार खेती कर रहे हैं। उद्यानिकी विभाग उनका मार्गदर्शन कर रहा है। वे प्रति एकड़ 1 से 1.5 लाख रुपये की लागत में वे करीब 5 लाख रुपये तक के फूल बेचते हैं। दशहरा-दीपावली के सीजन में उनके खेत से रोजाना 12 से 15 वाहन फूल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित ओडिशा के बाजारों तक जाते हैं। नुकसान से बचने के लिए उन्होंने पॉलीबैग में पौधे तैयार करने और ड्रिप-स्प्रिंकलर सिंचाई की आधुनिक तकनीक अपनाई है। साथ ही वे 4-5 एकड़ में मौसमी सब्जियां और पारंपरिक छत्तीसगढिय़ा भाजी भी उगाते हैं।
छत्तीसगढ़ में किसानों को धान की कुछ और उगाने पर हर एकड़ के पीछे हजारों रुपयों की प्रोत्साहन राशि देने की नीति पर चल रही है। मगर उनको पारंपरिक खेती से अलग कुछ नया करने के लिए तैयार करना बेहद मुश्किल होता है। विद्याधर जैसे लोग बताते हैं कि थोड़ी चुनौती स्वीकार कर ली जाए तो मुनाफा धान के मुकाबले कई गुना अधिक है। रायगढ़ के ही करीबी जिले जशपुर को छत्तीसगढ़ का फ्रूट बास्केट कहा जाने लगा है। यहां नाशपाती की सालाना पैदावार 1.75 लाख क्विंटल तक पहुंच चुकी है। प्रति एकड़ आय एक से डेढ़ लाख रुपये है। फल दिल्ली, यूपी और ओडिशा तक जाते हैं। करीब 7800 एकड़ में काजू की खेती हो रही है, जिसकी मांग राज्य के बाहर भी बहुत हो रही है। सेब की शुरुआत भी हुई है, करीब 410 एकड़ में इस बार बोई गई है। स्ट्रॉबेरी भी लोकप्रिय हो रही है। खेती का क्षेत्रफल बड़ा नहीं, लेकिन प्रति एकड़ 3 लाख से अधिक की कमाई है। ये फल दिल्ली, झारखंड, पश्चिम बंगाल आदि पहुंचते हैं। सारूडीह जैसे पहाड़ी इलाकों में लंबे समय से चाय का उत्पादन हो रहा है। हजारों आदिवासी महिलाओं को रोजगार और प्रोसेसिंग से आमदनी हो रही है। लीची के भी साढ़े 4 हजार से अधिक किसान हैं। टाउ का हजारों हेक्टेयर में सालों से उत्पादन हो रहा है, ज्यादातर निर्यात ही होता है। गेंदा फूल की खेती इसी की अगली कड़ी है। इनकी किसानी के लिए सरकार की अच्छी खासी अनुदान योजनाएं भी हैं। इन सभी फसलों का बीमा भी होता है। अकवान और उससे पहले आए चक्रवात से हुई धान के फसल की बर्बादी ने बताया है कि वैकल्पिक फसलों पर ज्यादा जोर दिया जाना चाहिए।