राजपथ - जनपथ
राजस्थान में हार के बाद अलर्ट
राजस्थान पंचायत चुनाव में हार के बाद भाजपा अलर्ट हो गई है। छत्तीसगढ़ में भी सरकार और संगठन में कामकाज बेहतर करने की दिशा में कोशिशें तेज हो गई हैं। पार्टी में अब पुराने नेताओं की पूछपरख हो रही है। इन सबके बीच पिछले दिनों प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी के बीच लंबी चर्चा हुई है।
कहा जा रहा है कि स्मृति इरानी ने प्रदेश संगठन को मजबूत करने के लिए रूपकुमारी से सुझाव लिए हैं। साथ ही सरकार के कामकाज को लेकर भी चर्चा की है। रूपकुमारी खुद संसदीय सचिव रह चुकी हैं।
स्मृति के सुझाव पर ही सीएम विष्णुदेव साय ने पार्टी नेताओं के लिए दिवाली मिलन कार्यक्रम रखा था। इसमें पार्टी के बुजुर्ग नेताओं को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। खुद सीएम ने सभी के पास जाकर मुलाकात की और उनके साथ समय गुजारा।
साय ने सामाजिक संगठनों और मीसा बंदियों के लिए अलग से दिवाली मिलन कार्यक्रम रखा था। स्मृति इरानी खुद पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ अलग से बैठक कर चुकी हैं। संकेत साफ है कि पार्टी में पुराने नेताओं की पूछपरख बढ़ेगी। चर्चा है कि कोर ग्रुप में बदलाव हो सकता है और कम से कम दो पुराने नेताओं को कोर ग्रुप में जगह मिल सकती है।
यही नहीं, करीब दर्जनभर जिला अध्यक्षों को बदला जा सकता है। कुछ के खिलाफ तो गंभीर शिकायतें हैं। चर्चा है कि बदलाव की प्रक्रिया निकाय चुनाव निपटने के बाद शुरू होगी। देखना है, आगे क्या होता है।
जांच एजेंसियों की धमक
महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के संचालक सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद ईडी ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर को गिरफ्तार किया है। ऐसी चर्चा है कि वकील ने जज और ईडी अफसरों को सेट करने के नाम पर सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये लिए थे। ईडी सौरभ और आरोपी वकील को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ कर सकती है।
बताते हैं कि पिछले पांच सालों में शराब, महादेव एप, कोयला और डीएमएफ घोटाले पर जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसा है। तब से सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के नामी-गिरामी वकील पैरवी के लिए आते रहे हैं। जांच से जुड़े लोगों को मैनेज करने का हल्ला भी उड़ता रहा है। ऐसे ही एक बड़े कारोबारी ने ईडी की गिरफ्त में आने के बाद जिला अदालत में पैरवी के लिए मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों के विशेषज्ञ दिल्ली के बड़े वकील को बुलाया था। यह भी प्रचारित था कि वकील साब की जांच एजेंसियों में अच्छी पकड़ है, लेकिन कुछ नहीं हुआ। बीमारी के बाद भी आरोपी को दो साल जेल में गुजारने पड़े। कुछ इसी तरह घपले-घोटालों में नामी-गिरामी लोगों के फंसने पर बिचौलिए सक्रिय रहे हैं। अब सौरभ चंद्राकर के बयान और वकील की गिरफ्तारी के बाद कुछ नए खुलासे हो सकते हैं।
जशपुर में भी धर्म प्रचारकों को नो एंट्री
जशपुर जिले की मनोरा जनपद पंचायत के सोगड़ा, चडिय़ा, केसरा और डूमरटोली ग्राम पंचायतों की ग्रामसभाओं द्वारा बाहरी धर्म प्रचारकों, पादरियों और पास्टरों के प्रवेश पर रोक लगाने संबंधी सूचना बोर्ड लगाए जा रहे हैं। अब तक ऐसे ग्रामसभा प्रस्ताव केवल बस्तर संभाग के तक ही सीमित थे। जशपुर, जहां ईसाई आदिवासी समुदाय की बड़ी और पुरानी आबादी निवास करती है, वहां पहली बार इस तरह का कदम उठाया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आदिवासी समाज की विशिष्ट परंपराएं, रीति-रिवाज और ग्राम देवता ही गांव की सामाजिक एकजुटता की नींव हैं। उनके अनुसार, धर्मांतरण की गतिविधियों के कारण लोग अपनी मूल पूजा पद्धति और सामुदायिक व्यवस्था से दूर हो रहे हैं, जिससे गांवों में आपसी मतभेद पैदा होते हैं। वनवासी कल्याण आश्रम से जुड़े पदाधिकारियों द्वारा आने वाले दिनों में जिले की सैकड़ों अन्य पंचायतों में भी ऐसे बोर्ड लगाने की बात कही गई है। मतलब आने वाले दिनों में यह मुहिम और व्यापक हो सकती है।
इधर, ईसाई आदिवासी महासभा ने संवैधानिक अधिकारों का हवाला देते हुए इस तरह के फैसलों पर आपत्ति जताई है। इनका कहना है कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी आस्था के पालन, प्रचार और देश में कहीं भी स्वतंत्र रूप से आने-जाने का मौलिक अधिकार देता है।
बस्तर और जशपुर में काफी फर्क है। जशपुर में पीढिय़ों से ईसाई आदिवासी समाज रहता आया है। एक ही गांव में धर्मांतरित, मतांतरित और आदिवासी साथ रहते आए हैं और अधिक आपस में घुले-मिले हुए हैं। धर्म प्रचारकों को रोके जाने के फैसले से आदिवासियों की सांस्कृतिक विरासत को बचाने में कितनी मदद मिलेगी और आपसी सद्भाव पर क्या असर पड़ेगा, यह आने वाले दिनों में पता चलेगा।
फ्रंटलाइन पर फॉरेस्ट की महिला टीम
छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में महिला वन कर्मियों ने कमाल दिखाया है। बीते चार सालों में इन्होंने करीब 1,090 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया, 500 से अधिक अवैध शिकारियों, तस्करों और अपराधियों को गिरफ्तार किया तथा 208 किलोग्राम गांजा जब्त किया।
इन पर पांच बार हिंसक हमले हुए पर वे मैदान में डटी रहीं। इन्हें भूमि माफिया, खनन माफिया, वन्यजीव तस्करों और नशा तस्करी के नेटवर्क से जूझना पड़ा। अंतर्राज्यीय सीमाओं पर काम करते हुए इन्होंने 75 पोटाश बम और 100 से अधिक फंदे जब्त किए।
महिलाओं को फ्रंटलाइन पर भेजने का फैसला भी महत्वपूर्ण है। अगर प्रशासन इन्हें केवल कागजी पदों तक सीमित रखता, तो यह उपलब्धि नहीं मिलती। फिर भी कुछ सवाल हैं। शिकायतें रहती है कि प्राय: सरकारी विभागों में महिलाओं को जिम्मेदारी वाला काम देने से बचा जाता है। हालांकि जब वे अपना लोहा मनवाती हैं तो हर कोई वाह-वाह करता है।