राजपथ - जनपथ

राजपथ-जनपथ : तारीख पर तारीख, वकीलों पर करोड़ों
26-Nov-2026 6:16 PM
राजपथ-जनपथ : तारीख पर तारीख, वकीलों पर करोड़ों

तारीख पर तारीख, वकीलों पर करोड़ों

महाराष्ट्र से खबर आई है कि सूखा प्रभावित कोल्हापुर की जिला सहकारी दुग्ध संस्था गोकुल डेयरी पर कब्जे की अदालती लड़ाई में वकीलों को भारी-भरकम भुगतान किया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकारी खजाने से एक पेशी के लिए पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी को 80 लाख रुपए दिए गए। भाजपा ने पलटवार करते हुए खुलासा किया कि इसी मामले में अदालत में अपना पक्ष रखने के लिए कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी को 1.8 करोड़ रुपए का भुगतान किया। खास बात यह है कि दोनों दलों ने एक-दूसरे के आरोपों को खारिज नहीं किया। छत्तीसगढ़ में भी वकीलों को भारी-भरकम भुगतान का मामला पहले खूब गरमाया है। बात विधानसभा तक पहुंची थी।

छत्तीसगढ़ में हाईप्रोफाइल मामलों में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में सरकार का पक्ष रखने के लिए महंगे वकीलों की सेवाएं लेने का सिलसिला पुराना है। मामला नक्सलवाद से जुड़ा हो या भ्रष्टाचार से, सरकारें बड़े नामों पर भरोसा जताती रही हैं।

रमन सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2015 में नागरिक आपूर्ति निगम घोटाला सुर्खियों में आया। दो सीनियर आईएएस अफसरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज हुआ। मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। तब सरकार इसके खिलाफ थी। अलग-अलग याचिकाओं पर सरकार की ओर से देश के महंगे वकीलों में शुमार हरीश साल्वे सहित अन्य ने पैरवी की, तो याचिकाकर्ताओं की ओर से भी दिग्गज वकील अदालत में उतरे। सुप्रीम कोर्ट ने पहली ही पेशी में मामले को सुनवाई के लिए हाईकोर्ट भेज दिया। दिलचस्प यह रहा कि सरकार बदलने के साथ ही मामले में उसका रुख भी बदल गया। कांग्रेस सरकार राज्य की एजेंसी से ही जांच कराने के पक्ष में आ गई। इस प्रकरण में जल्द सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट को भी दखल देना पड़ा। लेकिन मुकदमे की रफ्तार ऐसी रही कि 11 साल बाद भी मामला जिला अदालत में घिसट रहा है। सरकार और जांच एजेंसी की ओर से कपिल सिब्बल, पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम और दयान कृष्णन जैसे नामी वकील सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में पैरवी कर चुके हैं। विधिक जानकारों का मानना है कि जांच और सुनवाई की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए अगले कुछ साल में भी फैसले की उम्मीद कम है।

भ्रष्टाचार के दूसरे मामलों की कहानी भी कुछ अलग नहीं है। शराब, कोयला, डीएमएफ, पीएससी घोटाले और आय से अधिक संपत्ति के प्रकरणों में प्रभावशाली नेता और अफसर घेरे में आए। इन मामलों में पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी, कपिल सिब्बल, महेश जेठमलानी, विवेक तन्खा और सिद्धार्थ लूथरा जैसे महंगे वकील आरोपियों या जांच एजेंसियों की ओर से पैरवी करते रहे हैं। यह सिलसिला अब भी जारी है और सरकारी खजाने से भारी-भरकम रकम खर्च हो रही है। सवाल यह भी है कि जब सरकारों के पास वकीलों की अपनी पूरी फौज है, तो हर बड़े मामले में महंगे वकीलों की जरूरत क्यों पड़ती है?

पिछली सरकार के कार्यकाल में एक मामले में अदालत को प्रभावित करने की कोशिश के आरोप में तत्कालीन एडवोकेट जनरल के खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हुआ। इसकी जांच सीबीआई कर रही है। ऐसे में सवाल सिर्फ वकीलों की फीस का नहीं, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया की रफ्तार का भी है। करोड़ों रुपए की फीस देकर सरकारें अपना पक्ष तो मजबूती से रख रही हैं, लेकिन मुकदमों का निपटारा कब होगा, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। फिलहाल तो तारीख पर तारीख और वकीलों पर करोड़ों खर्च का सिलसिला जारी है।

मजदूर नेता की विरासत पर कांग्रेस की नजर

नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बैठकों का दौर तेज हो गया है। भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत भिलाई पहुंचकर चारों निकायों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने वाले हैं। इसके साथ ही बेहतर प्रत्याशियों के नामों पर भी मंथन चल रहा है।

चार नगर निगमों के अलावा पांच नगर पालिकाओं और आठ नगर पंचायतों में चुनाव होने हैं। इनमें जामुल नगर पालिका भी शामिल है। जामुल का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि इससे सटे तीन नगर निगमों-भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली में भी चुनाव होने हैं। यही नहीं, जामुल अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में आता है, जहां उपचुनाव भी होना है।

जामुल नगर पालिका अनारक्षित है। लिहाजा भाजपा और कांग्रेस दोनों में दावेदारों की भीड़ है। चर्चा है कि कांग्रेस यहां दिवंगत मजदूर नेता मधुकर राव की पत्नी सुनीता चेन्नेवार को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाने पर विचार कर रही है। मधुकर राव दिवंगत मजदूर नेता शंकर गुहा नियोगी के सहयोगी थे। उन्होंने जामुल की सीमेंट फैक्ट्री में मजदूर आंदोलन का नेतृत्व किया था। सुनीता चेन्नेवार वर्तमान में नगर पालिका की उपाध्यक्ष हैं।

कांग्रेस की रणनीति के पीछे मजदूर आंदोलन की विरासत और उससे जुड़े समर्थन को साधने की कोशिश मानी जा रही है। पार्टी के कुछ नेताओं का मानना है कि सुनीता को प्रत्याशी बनाने से फैक्ट्री मजदूरों के साथ भिलाई के ट्रेड यूनियन का समर्थन भी मिल सकता है। हालांकि अभी इस पर अंतिम फैसला होना बाकी है। देखना है कि आगे क्या कुछ होता है।

पद से हटते ही पदयात्रा का ऐलान

कांग्रेस के संगठनात्मक फेरबदल में 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया। इनमें विधायक देवेंद्र यादव भी शामिल हैं, जो गुजरात के प्रभारी सचिव थे। उन्होंने सफाई दी कि उन्होंने खुद हाईकमान से इस जिम्मेदारी से मुक्त करने का अनुरोध किया था, क्योंकि गुजरात और भिलाई के बीच लगातार समन्वय बनाने में परेशानी हो रही थी, इसलिए अब वे छत्तीसगढ़ में अधिक समय देना चाहते हैं।

अब  देवेंद्र यादव ने पूरे छत्तीसगढ़ में पदयात्रा करने की योजना बताई है। इसे वे राहुल गांधी की पदयात्रा से प्रेरित बता रहे हैं। कहा है कि उनका जोर गांवों, वनांचल क्षेत्रों और आम लोगों के बीच पहुंचने पर है। राजनीतिक पदयात्राएं अक्सर जनाधार बढ़ाने का आजमाया हुआ कामयाब नुस्खा है। मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह और छत्तीसगढ़ में स्व. अजीत जोगी की पदयात्राएं इसके उदाहरण रहे हैं। अभी यह साफ नहीं है कि देवेंद्र यादव की यह पदयात्रा व्यक्तिगत होगी या कांग्रेस संगठन के बैनर तले।

कांग्रेस पहले से ही नेतृत्व और वर्चस्व की खींचतान से जूझ रही है। उनकी पदयात्रा पार्टी के भीतर भी बहुत से लोगों को रास नहीं आएगी। ऐसी यात्राएं अक्सर पार्टी की छवि से अधिक निजी छवि को उभारने में मदद करती है। यादव पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी रहे हैं, लेकिन हाल ही में युवक कांग्रेस के संगठन चुनाव से यह स्पष्ट हो गया है कि यादव 2028 के चुनाव के पहले अपनी अलग टीम बनाने पर काम कर रहे हैं।

फंसने से पहले निकलना सीखिए..

नर्मदा उद्गम स्थल अमरकंटक के मुख्य मंदिर में प्रवेश के पहले एक हाथी की एक मूर्ति स्थापित है। स्थानीय मान्यता के अनुसार कुछ श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी करने के लिए या फिर पाप-पुण्य से जुड़ी धारणाओं के चलते मूर्ति के नीचे हाथी के चारों पैरों के बीच संकरी जगह से लेटकर गुजरते हैं। आम तौर पर लोग शरीर को घुमा-फिरा कर बाहर निकल ही जाते हैं। पर कभी-कभी भारी डील-डौल वालों को ज्यादा मशक्कत करनी पड़ जाती है। इसी से संबंधित एक ताजा वीडियो सोशल मीडिया वायरल है। एक पर्यटक मूर्ति के नीचे से गुजरते समय फंस गया। उसने हाथी के पैर पकड़े, कोहनियों को फर्श पर रखकर जोर लगाया, पर कमर के हिस्सा पार हो ही नहीं रहा था। काफी देर कोशिश के बाद उनसे साथ खड़ी महिला ने दिमाग लगाया। आगंतुक के पीछे की जेब में एक मोटा सा वालेट था। महिला ने वालेट को बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे निकलने के लिए थोड़ी जगह और बन गई। आखिरकार आगंतुक सुरक्षित बाहर निकल गया, उसे कोई चोट भी नहीं आई। उसे फंसा देखकर काफी लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी, सबने राहत की सांस ली और पर्यटक ने भी। मगर, सोशल मीडिया पर कई कमेंट्स है। एक ने कहा है- शख्स को कुछ दिन वहीं छोड़ दीजिए, बार-बार अभ्यास करेंगे तो वजन घट जाएगा। एक और यूजर ने कहा कि इस तरह से पाप-पुण्य का फैसला नहीं होता है। व्यक्ति को अपने शरीर को देखने के बाद मूर्ति के नीचे से गुजरने का मन बनाना था। एक और यूजर ने तमिलनाडु के अरुणाचल पर्वत के मोक्ष मार्गम की घटना का जिक्र किया है। यहां चट्टानों के बीच गुफा जैसा एक बहुत संकरा रास्ता है, जिसकी परिक्रमा की जाती है। श्रद्धालु रेंगकर बाहर निकलते हैं। इस दरार में फंसने से 24 जुलाई 2026 को आंध्रप्रदेश के एक 38 वर्षीय युवक की जान चली गई। वहां भी स्थानीय मान्यता है कि ईश्वर का आशीर्वाद मिलता है, पर किसी धर्मग्रंथ में ऐसा लिखा नहीं गया है।


अन्य पोस्ट