राजपथ - जनपथ
कांग्रेस संगठन में नियुक्तियां
कांग्रेस ने 81 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति इंटरव्यू के जरिए की है। इनमें दिल्ली के हरनाम सिंह और जितेंद्र बघेल को छत्तीसगढ़ का प्रभारी सचिव बनाया गया है। प्रदेश से भी चार युवा नेताओं को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। इनमें नरेश ठाकुर और कोको पाढ़ी को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों कांकेर जिले के रहने वाले हैं। नरेश ठाकुर को गुजरात और कोको पाढ़ी को ओडिशा का प्रभारी सचिव बनाया गया है। कोको पाढ़ी प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि नरेश ठाकुर कांकेर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं।
नई नियुक्तियों में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। चर्चा है कि बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन को लेकर उनके खिलाफ शिकायत हुई थी। चुनाव के बाद उन्हें गुजरात का प्रभारी सचिव बनाया गया था, लेकिन अब इस जिम्मेदारी से भी मुक्त कर दिया गया है। इसी तरह छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिव संपत कुमार और विजय जांगिड़ को भी पदमुक्त किया गया है। जरिता लैटफलांग को दोबारा राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। उन्हें पूर्वोत्तर के राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुराने संपर्क आएंगे काम
छत्तीसगढ़ के नए प्रभारी सचिव हरनाम सिंह और जितेंद्र बघेल प्रदेश के कई प्रमुख कांग्रेस नेताओं से पहले से परिचित हैं। हरनाम सिंह के बारे में बताया जाता है कि जब पीएल पुनिया छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी थे, तब वे उनके साथ प्रदेश आते-जाते थे। इस दौरान उनकी प्रदेश के कई नेताओं से अच्छी जान-पहचान हो गई थी। ऐसे में संगठन की नई जिम्मेदारी संभालने में उनके पुराने संपर्क काम आ सकते हैं।
निजी समारोह में सरकारी अमला?
सोशल मीडिया पर कल से एक व्हाट्सएप चैट वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि वन विभाग के एक आरओ ने इसे विभाग के ग्रुप में साझा किया है। बताया जा रहा है कि पीसीसीएफ के परिवार में 21 नवंबर को एक शादी समारोह है। इस आयोजन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाते हुए चैट में बाकायदा निर्देश दिए गए हैं कि कौन कहां तैनात रहेगा।
दावा है कि इस ड्यूटी में ज्यादातर फॉरेस्ट गार्ड, फॉरेस्टर, डिप्टी रेंजर और रेंजर स्तर के कर्मचारियों को लगाया गया है। उन्हें मेहमानों को लेने एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने से लेकर होटल तक पहुंचाने जैसी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
चैट वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं। सवाल उठाया गया कि जिन कर्मचारियों की जिम्मेदारी जंगलों की रखवाली करने की है, उन्हें बड़े साहब के निजी पारिवारिक समारोह की व्यवस्था संभालने में क्यों लगा दिया गया?
कुछ मीडियाकर्मियों ने इस संबंध में पीसीसीएफ अरुण पांडेय से बात की। पांडेय ने स्पष्ट किया कि उन्होंने शादी समारोह में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की ड्यूटी नहीं लगाई है। इतना ही नहीं, विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शादी में शामिल नहीं होने के भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।
यदि पीसीसीएफ की यह बात सही है तो मानना पड़ेगा कि वन विभाग का कोई अति उत्साही अधिकारी इस तरह के निर्देश जारी कर अपनी निष्ठा प्रदर्शित करना चाह रहा होगा। वैसे, इस तरह की ड्यूटियां अक्सर लगती रहती हैं। मंत्रियों और बड़े अफसरों के निजी कार्यक्रमों की तैयारियों में विभाग के लोग बढ़-चढक़र आगे रहते हैं। इस मामले में बात शायद इसलिए बिगड़ गई कि ड्यूटी रास नहीं आने पर किसी ने चैट का स्क्रीनशॉट ग्रुप से बाहर साझा कर दिया।
रायपुर में बढ़ रहा होटल कारोबार, अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों की दस्तक
राजधानी रायपुर में पिछले कुछ वर्षों में होटल कारोबार तेजी से फैला है। रावणभाठा में अंतरराज्यीय बस स्टैंड बनने के बाद रिंग रोड पर करीब एक दर्जन से अधिक लग्जरी होटल खुल चुके हैं। इनमें से एक होटल ऐसा भी है, जिसने नर्सिंग होम को बंद कर होटल में तब्दील कर दिया। अब अंतरराष्ट्रीय होटल ब्रांड भी राजधानी में अपनी मौजूदगी बढ़ा रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय होटल समूह हिल्टन का होटल मंदिर हसौद मार्ग पर स्थापित हो रहा है। रायपुर के ही सरकारी विभागों के एक बड़े सप्लायर ने इसकी फ्रेंचाइजी हासिल की है। इसे वास्तविक फाइव स्टार होटल के रूप में विकसित किया जा रहा है। वैसे नवा रायपुर स्थित मे-फेयर को भी फाइव स्टार श्रेणी का होटल माना जाता है।
इसी तरह ताज ग्रुप भी माना एयरपोर्ट के समीप फुंडहर में होटल स्थापित कर रहा है। इससे पहले पूर्व कांग्रेस नेता विमल जैन ताज होटल की फ्रेंचाइजी लेकर आए थे। उन्होंने करीब एक साल तक होटल का संचालन किया, लेकिन बाद में फ्रेंचाइजी वापस कर दी। इसके बाद वहां दूसरा होटल खुल गया। मैरियट और हयात जैसे अंतरराष्ट्रीय होटल समूह पहले से ही राजधानी में कारोबार कर रहे हैं।
एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित एरो सिटी में भी शांगरी-ला जैसे नामचीन होटल समूह संभावनाएं तलाश रहे हैं। जानकारों का मानना है कि प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियां बढऩे के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों और अन्य बड़े आयोजनों के चलते होटल कारोबार को विस्तार मिल रहा है। यही वजह है कि अब देश-विदेश के बड़े होटल ब्रांड रायपुर को अपने कारोबार के लिए बेहतर बाजार मान रहे हैं।