राजपथ - जनपथ

राजपथ-जनपथ : दीपावली गिफ्ट और रोक के नियम
05-Nov-2026 6:37 PM
राजपथ-जनपथ : दीपावली गिफ्ट और रोक के नियम

दीपावली गिफ्ट और रोक के नियम

दीपावली के मौके पर महानदी भवन, इंद्रावती भवन, पीएचक्यू और नवा रायपुर के दूसरे सरकारी दफ्तरों में गिफ्ट का सिलसिला चर्चा में है। इन दिनों कॉर्पोरेट घरानों के प्रतिनिधि बड़े-बड़े आकर्षक पैकेट लेकर दफ्तरों में पहुंच रहे हैं। पैकिंग ऐसी कि आम कर्मचारी हों या सुरक्षा कर्मी, देखने वाले की आंखें चौंधिया जाएं। जाहिर है, ये पैकेट साहब लोगों के लिए होते हैं, इसलिए सुरक्षा जांच में इन्हें खोलकर देखने का सवाल ही नहीं उठता। नेग के नाम पर थोड़ी मिठाई और बाकी महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या दूसरे उपहार! साहबों की सुबह खाली रहने वाली कार शाम तक इन पैकेटों से भर जाती है। छोटे कर्मचारियों के बीच इसे लेकर चर्चाएं भी खूब हैं।

लेकिन सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ सौजन्य भेंट है या फिर इसके पीछे कोई और मंशा भी है? सरकारी कामकाज में निष्पक्षता बनाए रखने और उपहार संस्कृति पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने 2019 में उपहार संबंधी नियमों में संशोधन किया था। केंद्रीय सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1964 के नियम 13 के तहत सरकारी कर्मचारी किसी भी व्यक्ति से उपहार स्वीकार नहीं कर सकते, सिवाय निर्धारित अपवादों के। खासकर जिन कंपनियों या व्यावसायिक संस्थानों से उनका आधिकारिक कामकाज जुड़ा हो, उनसे महंगे या बार-बार मिलने वाले आतिथ्य और उपहार से बचने की स्पष्ट हिदायत है।

केंद्र के नियमों में सामान्य परिस्थितियों में ग्रुप ए और बी के कर्मचारियों के लिए 5 हजार रुपये तथा ग्रुप  सी के लिए 2 हजार रुपये से अधिक मूल्य का उपहार सरकार की अनुमति के बिना स्वीकार नहीं किया जा सकता। सामाजिक अवसरों पर रिश्तेदारों या ऐसे मित्रों से मिलने वाले उपहारों के लिए अलग प्रावधान हैं।

छत्तीसगढ़ में भी अधिकारी-कर्मचारी आचरण नियमों से बंधे हैं। हालांकि राज्य में उपहार लेने-देने पर कोई पूर्ण रोक नहीं लगाई है। हालांकि, छत्तीसगढ़ के अधिकारी-कर्मचारी पहले से ही उपहार लेने के मामले में कड़े आचरण नियमों से बंधे हुए हैं। फिर गिफ्ट का मतलब सौजन्य भेंट ही तो है।

मीडिया के तोहफे लेने पर कोई रोक नहीं है। अभी एक नेता ने एक संपादक के लिए तोहफ़ा भेजा, तो पहुंचाने वाले ने संपादक के दफ्तर में छोडऩे से मना कर दिया, और बार-बार फोन से झुँझलाए संपादक को फोन पर धीमी आवाज में कहा- कैश भी है, ऑफिस में नहीं छोड़ सकते, आपके हाथ में ही देना है।

निकाय चुनाव के बहाने पुराने नेताओं की पूछपरख

प्रदेश भाजपा के नए महामंत्री (संगठन) कर्मवीर नगरीय निकाय उपचुनाव की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। चुनाव आचार संहिता लागू होने में अभी समय है, लिहाजा निकायों में लंबित स्थानीय समस्याओं के जल्द निराकरण के लिए भी पहल कर रहे हैं।

साय सरकार ने बीएसपी प्रबंधन से चर्चा कर आवास किराए में भारी कमी कराई है। इससे करीब चार हजार परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा। पार्टी को उम्मीद है कि इसका लाभ बीएसपी के वर्तमान और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बीच समर्थन के रूप में मिलेगा। खासकर भिलाई नगर निगम चुनाव में इसे पार्टी के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। कोशिश है कि चुनाव से पहले स्थानीय समस्याओं का अधिकतम निराकरण कर मतदाताओं को राहत दी जाए।

इधर, पार्टी पुराने और हाशिए पर चल रहे नेताओं को भी महत्व देने लगी है। भिलाई के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय की पूछपरख बढ़ी है। सभी निकायों में मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है और उन्हें स्थानीय प्रमुख नेताओं के साथ लगातार बैठकें करने की नसीहत दी गई है। प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और कर्मवीर की पहल से संगठन में पुराने चेहरों की सक्रियता बढ़ती दिख रही है। अब देखना यह है कि नेताओं की यह बढ़ी हुई पूछपरख चुनाव में कितने काम आती है।

सांसद निधि को लेकर रनौत का पारा चढऩा

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से सांसद कंगना रनौत का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। हालांकि यह दो महीने पुराना वीडियो है, फिर भी इसकी प्रासंगिकता बनी हुई है। उस बैठक में वे ‘तुम-तुम’  कहकर अफसरों को फटकार लगाती हुई दिख रही हैं, जिसकी कई लोगों ने आलोचना भी की है। ‘दिशा’  की बैठक में उन्होंने कहा कि सांसद निधि के तहत लगभग 11 करोड़ रुपये उपलब्ध थे, लेकिन अधिकारियों ने सिर्फ 50 लाख रुपये ही खर्च किए। सांसद ने कहा, मुझे ये बेकार के जुमले मत सुनाइए। हर ‘दिशा कमेटी’  की बैठक में मुझे यही सुनने को मिलता है। उन्होंने काम में देरी को लेकर ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर्स (बीडीओ) से सवाल किए और खर्च की परफॉर्मेंस रिपोर्ट मांगी। बैठक में कंगना रनौत ने कहा, तुम लोगों को डराने के लिए केंद्र से पत्र (लेटर) भिजवाने पड़ते हैं, इसके बावजूद तुम लोग काम नहीं करते हो। मेरे ऑफिस की बात नहीं सुनी जाती। सोशल मीडिया पर इतना ज्यादा नकारात्मक प्रचार हो रहा है; लोग रील्स बना रहे हैं और मेरी जगहंसाई हो रही है। आप लोगों को शर्म नहीं आती? अगर तुम लोगों का ऑफिस मुझे मिल जाए, तो मैं एक दिन में काम करके दिखा दूं। बहरहाल, यह तेवर सही है या नहीं, इस पर बहस हो सकती है; परंतु इससे एक सकारात्मक बात भी निकलकर आती है कि वे अपने संसदीय क्षेत्र के तीव्र विकास के लिए चिंतित हैं। वरना, फिल्मों से राजनीति में आईं रनौत ने चुनाव जीतने के कुछ दिनों बाद कहा था कि सडक़, पानी और बिजली जैसी समस्याएं लेकर लोगों का आना उन्हें पसंद नहीं है। अब उनका नजरिया बदल गया है।

अनुशंसा में बृजमोहन सबसे आगे

छत्तीसगढ़ के सांसदों द्वारा सांसद निधि (एमपीलैड्स) की अनुशंसा में भारी अंतर दिखाई देता है। सांसद निधि ढाई-ढाई करोड़ रुपये की दो किस्तों में जारी होती है। यह राशि सीधे सांसद के पास नहीं जाती, बल्कि किसी राष्ट्रीयकृत बैंक के बचत खाते में जमा की जाती है। राशि सांसदों के हस्ताक्षर से नहीं निकलती, बल्कि कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ अथवा किसी अधिकृत नोडल अधिकारी के संयुक्त डिजिटल हस्ताक्षर से कार्य करने वाली एजेंसी को भुगतान होता है। अक्टूबर तक की सूची के मुताबिक, विकास कार्यों की अनुशंसा में रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल सबसे आगे हैं। उन्होंने लगभग पूरे पांच करोड़ रुपये की अनुशंसा की है, जिसमें 59 कार्य शामिल हैं। उन्होंने शत-प्रतिशत राशि खर्च करने के लिए पत्र लिख दिए हैं। उनके बाद रायगढ़ के राधेश्याम राठिया और बिलासपुर के तोखन साहू का स्थान है। दोनों ने लगभग चार करोड़ 89 लाख रुपये की अनुशंसा की है और 72-72 कार्य सुझाए हैं। जांजगीर-चांपा के कमलेश जांगड़े ने चार करोड़ 83 लाख रुपये के 61 कार्य, सरगुजा के चिंतामणि महाराज ने चार करोड़ 60 हजार रुपये के 149 कार्य, कोरबा की ज्योत्सना महंत ने चार करोड़ 54 लाख रुपये के 134 कार्य तथा बस्तर के महेश कश्यप ने चार करोड़ 48 लाख रुपये के 86 कार्य अनुशंसित किए हैं। कांकेर के भोजराज नाग ने तीन करोड़ 97 लाख रुपये के 55 कार्य, महासमुंद की रूपकुमारी चौधरी ने तीन करोड़ 47 लाख रुपये के 66 कार्य तथा दुर्ग के विजय बघेल ने एक करोड़ 81 लाख रुपये के 61 कार्यों की अनुशंसा की है। सूची में सबसे पीछे राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय हैं, जिन्होंने मात्र 76 लाख 49 हजार रुपये की अनुशंसा की है, जिसमें केवल 14 कार्य शामिल हैं। यह कुल राशि के लगभग 15 प्रतिशत के बराबर है। इस प्रकार, बृजमोहन अग्रवाल विकास कार्यों की अनुशंसा में अग्रणी हैं, जबकि संतोष पांडेय सबसे निचले पायदान पर हैं।

गिनती के काम पूरे हुए, यह भी जानें

छत्तीसगढ़ में भी ‘दिशा कमेटी’  की बैठकों में सांसद इस बात पर नाराजगी जताते रहते हैं कि उनकी अनुशंसाएं लंबित पड़ी रहती हैं; काम शुरू ही नहीं होते और यदि शुरू हो भी जाते हैं, तो अधूरे रह जाते हैं। बीते वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ के सभी 11 लोकसभा सांसदों की अनुशंसा पर प्रशासन द्वारा कुल 821 कार्यों के लिए धनराशि जारी की गई थी। हालांकि, निर्माण एजेंसियों की धीमी कार्यशैली के कारण धरातल पर काम की रफ्तार काफी कम हो गई है। कुल स्वीकृत कार्यों में से अब तक केवल 35 कार्य ही पूर्ण हो पाए हैं। शेष कार्य वर्तमान में विभिन्न चरणों में लंबित या प्रगति पर हैं। 821 में से सिर्फ 35 कार्य! इससे आप स्वयं अंदाजा लगा सकते हैं कि सांसदों के क्षेत्रों में विकास की रफ्तार क्या है।


अन्य पोस्ट