राजपथ - जनपथ
बूटीगढ़ में पारंपरिक जड़ी की वैश्विक धमक
नगरी-सिहावा स्थित बूटीगढ़ को स्थानीय स्तर पर कुदरती दवाखाना कहा जाता है। सदियों से यहां आदिवासी समुदाय दुर्लभ जड़ी-बूटियों से जटिल बीमारियों का इलाज करता आया है। ऐसे में जब कोई अंतरराष्ट्रीय दल ऐसे सुदूर वनांचल में कदम रखता है, तो उसकी मान्यता और विश्वसनीयता और बढ़ जाती है।
हाल ही में बूटीगढ़ में अमेरिका से चिकित्सा विशेषज्ञों का एक दल पहुंचा है। यह दल यहां की समृद्ध जैव-विविधता और विशेष रूप से बैगा जनजाति की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति व दुर्लभ जड़ी-बूटियों का अध्ययन करने आया है। यह गौरव की बात तो है ही, पर आत्ममंथन करने का भी मौका है कि हम अपनी इस अमूल्य विरासत को स्थानीय स्तर ही कितना महत्व देते हैं। जड़ी बूटियां दुर्लभ हैं, पर यह आधुनिक ऐलोपैथी इलाज के खर्च के मुकाबले बहुत कम। ज्यादातर लोग जल्द ही इस उपचार पर भरोसा भी नहीं करते।
केरल जैसे कुछ राज्यों में एथनो-टूरिज्म या नृवंशविज्ञान पर्यटन और हर्बल रिसर्च को काफी प्रोत्साहन दिया जाता है। मगर, छत्तीसगढ़ का पर्यटन कुछ चुनिंदा जलप्रपातों और मंदिरों तक ही सीमित रहा है। जबकि दुगली और बूटीगढ़ जैसे क्षेत्रों में विदेशी विशेषज्ञों की आमद यह धारणा बदलने के लिए काफी है। बूटीगढ़ में अमेरिकी चिकित्सा विशेषज्ञों की यह दस्तक छत्तीसगढ़ के लिए एक सुनहरा अवसर है। यह हमारी लोक-संस्कृति और पारंपरिक चिकित्सा की वैश्विक स्वीकार्यता की मुहर है। अब गेंद शासन-प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के पाले में है।
मंत्रियों के स्टाफ में फेरबदल
सरकार के मंत्रियों की निजी स्थापना में फेरबदल का सिलसिला जारी है। तकरीबन सभी मंत्री अपने-अपने विशेष अथवा निज सहायकों को बदल चुके हैं, लेकिन किसी भी बदलाव को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है। ताजा बदलाव स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने किया है। उन्होंने अपनी निजी स्थापना में पदस्थ अधिकारी बृजेश बाजपेयी की सेवाएं स्कूल शिक्षा विभाग को लौटा दी हैं। बाजपेयी की पदस्थापना एससीईआरटी में उप संचालक के पद पर की गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में स्कूल शिक्षा विभाग में फर्जी तबादला सूची जारी होने का मामला सामने आया था। इस पर मंत्री को खुद स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी थी। पार्टी के अंदरखाने में चर्चा है कि प्रदेश संगठन ने मंत्रियों को अपनी निजी स्थापना में तैनात लोगों की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देने की नसीहत दी है। इसके बाद कुछ मंत्रियों ने अपनी स्थापना में बदलाव किया है। गजेंद्र यादव के फैसले को भी इसी नजरिए से देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में कुछ और मंत्रियों की निजी स्थापना में बदलाव हो सकता है। देखना है आगे किसका नंबर आता है।
दीवाली मिलन की चर्चा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दिल्ली स्थित सरकारी निवास 5, सुनहरी बाग रोड पर शुक्रवार की रात दीवाली मिलन कार्यक्रम था। इसमें प्रदेश के तीन प्रमुख नेता पूर्व सीएम भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव शामिल हुए। हाल के दिनों में कांग्रेस के आंदोलनों में लोगों की उमड़ी भीड़ से पार्टी नेता गदगद हैं। लिहाजा, दीवाली मिलन में काफी रौनक रही।
दीवाली मिलन कार्यक्रम में कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम, पीसीसी चीफ, और विधायक दल के नेता व अन्य प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया था। ज्यादातर को कार्यक्रम का आमंत्रण शुक्रवार की सुबह ही दिया गया था। छत्तीसगढ़ से भूपेश बघेल, डॉ. महंत, सिंहदेव और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को आमंत्रित किया गया था। दीपक बैज, दीवाली मिलन में शामिल नहीं हो पाए। लेकिन बाकी तीनों नेता भूपेश, महंत और सिंहदेव ने प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के साथ शिरकत की।
दीवाली मिलन में राहुल के अलावा सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी प्रमुख रूप से मौजूद थीं। कार्यक्रम में राहुल ने महंत, भूपेश और अन्य आए तमाम नेताओं के साथ फोटो खिंचवाई। दीवाली मिलन के चलते फिर से प्रदेश कांग्रेस में बदलाव का हल्ला है। देखना है आगे क्या कुछ होता है।
परंपरा से जुए के अड्डे तक पहुंच गई मुर्गा लड़ाई
हाल ही में बीजापुर के रैगुड़ा गांव के जंगल में पुलिस की छापेमारी में 156 लोग गिरफ्तार हुए, 20 लाख रुपये से अधिक नकद, 47 चारपहिया वाहन और मोबाइल जब्त हुए। माओवादी प्रभाव कम होने के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियां बढ़ीं। जहां कभी आतंक था, वहां अब जुए का रोमांच छाया हुआ है।
छत्तीसगढ़ खासकर के आदिवासी अंचलों में मुर्गा लड़ाई सदियों पुरानी परंपरा है। यह गोंड, मुरिया, माडिय़ा, हल्बा जैसी जनजातियों के सामाजिक जीवन का हिस्सा रही है। साप्ताहिक हाट-बाजार और मड़ई जैसे उत्सवों में दूर-दूर के गांवों से लोग इक_ा होते थे। जंगल, नदी और पहाड़ पार कर पहुंचना आसान नहीं था, इसलिए मुर्गा लड़ाई गांवों को जोडऩे का माध्यम बन जाती थी। महुआ पीते हुए, पानी-कांजी, बीमारी-हारी का दुख-सुख बांटते हुए मुर्गों पर छोटी-मोटी बाजी लगाते हुए लोग मनोरंजन करते थे।
वैसे अपने राज्य में बहुत पहले से पशुओं की लड़ाई का जिक्र है। सिरपुर की खुदाई में करीब 1500 साल पुराने सांडों की लड़ाई के चित्र मिले हैं। मुर्गा लड़ाई भी आदिवासी समुदायों में यह लंबे समय से प्रचलित रही है। पहले रूप सादा था। घर के मुर्गे पाले जाते थे, कभी-कभी सिर्फ प्राकृतिक पंजों से लड़ाई होती थी। दांव छोटे होते थे, कुछ रुपये या सामान। जीतने वाले मुर्गा मालिक को प्रतिष्ठा और हारा हुआ पक्षी मिल जाता था।
आज मुर्गों के पैरों में तेज धार वाले ‘काती’ या ब्लेड बांधे जाते हैं। विशेष खुराक, व्यायाम और प्रशिक्षण से उन्हें आक्रामक बनाया जाता है। हाट अब सिर्फ स्थानीय नहीं रहा। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र से लोग लग्जरी गाडिय़ों में आ रहे हैं। लाखों रुपये की बाजी लगती है। एंट्री फीस सैकड़ों रुपये तक पहुंच गई है। पुरानी परंपरा सामुदायिक जुड़ाव और मनोरंजन का साधन थी। अब यह अंतरराज्यीय जुए का रूप ले चुकी है, जहां पशु क्रूरता और अवैध सट्टेबाजी दोनों शामिल हैं।