राजपथ - जनपथ
शैलेश को मप्र में जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ में आईएएस की नौकरी छोडक़र कॉरपोरेट जगत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले शैलेश पाठक को मध्यप्रदेश में नई जिम्मेदारी मिली है। 1988 बैच के पाठक को मध्यप्रदेश सरकार ने भोपाल-जबलपुर इकोनॉमिक-इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलपमेंट कंपनी का उपाध्यक्ष बनाया है। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। यह कंपनी भोपाल और जबलपुर के बीच औद्योगिक बेल्ट विकसित करने के साथ मुख्य मार्ग पर उपनगर बसाने की योजना पर काम करेगी।
पाठक का छत्तीसगढ़ से पुराना नाता रहा है। पीडब्ल्यूडी सचिव रहते हुए दिवंगत मुख्यमंत्री अजीत जोगी की महत्वाकांक्षी परियोजना खमतराई ओवरब्रिज को रिकॉर्ड समय में पूरा कराने में उनकी भूमिका रही। अंबिकापुर नेशनल हाईवे की मजबूती के काम में भी उनका अहम योगदान रहा है। अविभाजित मध्यप्रदेश कैडर से छत्तीसगढ़ आए पाठक ने करीब 15-17 साल सरकारी सेवा में बिताने के बाद इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी आईडीपीएल के चेन्नई सीईओ और फिक्की के महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। वे इंडियन स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी के निदेशक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में वरिष्ठ सलाहकार भी रहे हैं। अब मध्यप्रदेश सरकार ने उनके अनुभव को औद्योगिक विकास की नई जिम्मेदारी सौंपी है।
नामकरण विवाद
रायपुर के पुराने कटोरा तालाब के नामकरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। करीब तीन साल पहले कटोरा तालाब का नाम बदलकर झूलेलाल सरोवर रखा गया था। तब किसी ने आपत्ति नहीं की। लेकिन अब छत्तीसगढ़ क्रांति सेना ने तालाब का पुराना नाम बहाल करने के लिए सोशल मीडिया पर अभियान छेड़ दिया। शुरुआत में इस पर खास ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन जब क्रांति सेना के पदाधिकारियों ने नगर निगम कमिश्नर से मिलकर अल्टीमेटम दिया, तो स्थानीय पार्षद ने कटोरा तालाब के नाम का बोर्ड लगवा दिया।
मामला यहीं नहीं थमा। अब सिंधी समाज में इसे लेकर नाराजगी की खबर है। भाजपा के कुछ सिंधी नेताओं ने शंकर नगर में गोपनीय बैठक कर नामकरण विवाद पर चर्चा की और आगे की रणनीति पर विचार किया। भाजपा के नेता फिलहाल इस मुद्दे पर खुलकर कुछ कहने से बच रहे हैं। उनसे जुड़े लोगों का कहना है कि यदि समाज इस मामले में क्रांति सेना के विरोध में खुलकर सामने आता है, तो इसका असर आगामी नगरीय निकाय चुनाव में पड़ सकता है।
याद दिला दें कि कुछ समय पहले पचपेड़ी नाका चौक का नाम बदलकर गोदड़ी वाले बाबा के नाम पर रखने का फैसला हुआ था। तब छत्तीसगढिय़ा संगठन खुलकर विरोध में उतर आए थे। एमआईसी में प्रस्ताव पारित होने के बावजूद आखिरकार फैसला बदलना पड़ा। अब कटोरा तालाब के नामकरण का मामला भी उसी दिशा में बढ़ता दिख रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच अंदरखाने हलचल तेज है। देखना है कि इस बार नामकरण का विवाद क्या मोड़ लेता है।
गोरेपन के दावे वाली पाकिस्तानी क्रीम
गोरेपन का दावा करने वाले विज्ञापनों को लेकर सरकार ने सख्त नियम बनाए थे। इनके तहत विज्ञापनों में ऐसा कुछ भी नहीं दिखाया जाना चाहिए, जिससे त्वचा के रंग के आधार पर किसी व्यक्ति के भीतर हीनभावना पैदा हो या शादी, करियर और व्यवसाय में आगे बढऩे के अवसरों को लेकर रंग के आधार पर भेदभाव दर्शाया जाए।
साल 2020 में यूनिलीवर ने अपने प्रसिद्ध उत्पाद फेयर एंड लवली का नाम बदलकर ग्लो एंड लवली कर दिया। इस बदलाव से कुछ समय पहले ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक विधेयक का मसौदा जारी किया था। इसमें फेयरनेस क्रीम के विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव था। साथ ही, भारी जुर्माने और जेल की सजा का प्रावधान भी रखा गया था। हालांकि, यह विधेयक अब तक पारित नहीं हुआ है और ठंडे बस्ते में पड़ा है। दूसरी ओर, रंग गोरा करने का दावा करने वाले उत्पादों की बिक्री जारी है, भले ही उनके नाम कुछ भी हों।
रायपुर में ड्रग विभाग की छापेमारी नागपुर में सामने आए मामलों के बाद हुई है। वहां 18 महिलाओं में किडनी की समस्या के पीछे ऐसी क्रीमों के इस्तेमाल को कारण बताया गया है। केंद्र सरकार की एडवाइजरी के बाद भोपाल, इंदौर, पुणे सहित कई शहरों में भी छापेमारी की गई। इन सभी जगहों पर ऐसी क्रीम बरामद हुई हैं, जिनमें कथित तौर पर पारे (मर्करी) की भारी मात्रा पाई गई है। प्रयोगशाला जांच में इसकी मात्रा एक पीपीएम की सुरक्षित सीमा से हजारों गुना अधिक मिली है।
मर्करी त्वचा पर इस्तेमाल किए जाने पर मेलेनिन के उत्पादन को रोकता है, जिससे त्वचा अस्थायी रूप से हल्की दिखाई देने लगती है। लेकिन यह शरीर में जमा होकर किडनी, तंत्रिका तंत्र, त्वचा और अन्य अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। नागपुर के मामलों में भी यही बात सामने आई है।
रायपुर में इस मामले में देर से सक्रियता दिखाई गई है। छत्तीसगढ़ के दूसरे शहरों में ऐसी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। यहां तक कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी ऐसे उत्पाद आसानी से उपलब्ध हैं।
रायपुर में गोरी नाम वाली जो क्रीम जब्त की गई है, उसे पाकिस्तान का उत्पाद बताया जा रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच आयात-निर्यात पर पहले से ही कड़े प्रतिबंध लागू थे। पहलगाम आतंकी हमले के बाद मई 2025 से पाकिस्तान का कोई भी उत्पाद भारत मंगाए जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। न तो सीधे और न ही किसी तीसरे देश के रास्ते से ऐसे उत्पाद भारत लाए जा सकते हैं।
इसके बावजूद यदि ये उत्पाद भारतीय बाजार तक पहुंच रहे हैं, तो यह केवल स्वास्थ्य और उपभोक्ता सुरक्षा का मामला है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा विषय बन जाता है।