राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 फरवरी। भाजपा द्वारा केंद्रीय बजट 2026-27 के परिप्रेक्षय में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला भाजपा कार्यालय में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किय गया। कार्यक्रम में महिलाओं को बजट में किए गए प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में उनकी भूमिका पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश भाजपा मंत्री डॉ. रेखा मेश्राम मुख्य वक्ता के रूप में अपने संबोधन में केंद्रीय बजट 2026-27 में महिलाओं के लिए किए गए विशेष प्रावधानों, रोजगार के नए अवसरों तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही आधारभूत संरचना, कौशल विकास और महिला उद्यमिता से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का बजट महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। महिला सम्मान बचत पत्र के माध्यम से सुरक्षित निवेश का अवसर, सुकन्या समृद्धि योजना के जरिये बालिकाओं की शिक्षा और भविष्य सुरक्षा, लखपति दीदी योजना से आत्मनिर्भरता, शी-मार्ट योजना के माध्यम से महिला उद्यमियों को विपणन मंच, महिला उद्यमिता अभियान के तहत आर्थिक सहयोग, निराश्रित महिला पेंशन योजना से सामाजिक सुरक्षा, मेधावी छात्राओं के लिए स्कूटी योजना तथा महिला सशक्तिकरण पहल के अंतर्गत स्किल डेवलपमेंट एवं जॉब प्लेसमेंट केंद्रों की स्थापना जैसे प्रावधानों को उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया।
खाद्य आयोग के अध्यक्ष एवं खैरागढ़ विधानसभा प्रभारी संदीप शर्मा ने संवाद के माध्यम से मातृशक्ति को बजट से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी और कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष अधिवक्ता घम्मन साहू, महामंत्री नवनीत जैन, जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा, खम्हन ताम्रकार, मंडल अध्यक्ष गोरेलाल, नगर पंचायत अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद सदस्य ज्योति जंघेल सहित महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उमा चौबे के नेतृत्व में आयोजित यह महिला संवाद कार्यक्रम प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक सिद्ध हुआ। उपस्थित महिलाओं ने बजट को जनहितकारी बताते इसे आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में मजबूत आधार बताया।


