राजनांदगांव
राजनांदगांव, 14 फरवरी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचार एवं पार्टी की रणनीति को अमलीजामा पहनाने के लिए राजनांदगांव लोकसभा के भाजपा नेताओं को भी जिम्मेदारी मिली है। इसी कड़ी में पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए बर्धमान जिले के कालना विधानसभा की कमान खैरागढ़ जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह को मिली है। बताया जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से जमीनी स्तर पर कामकाज करने में दक्ष भाजपा नेताओं को प्रचार-प्रसार के लिए विधानसभा चुनाव में भेजने का फैसला लिया गया है।
पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के तहत श्री सिंह को कालना विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करनेए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा चुनावी रणनीति को प्रभावी रूप से लागू करने का दायित्व दिया गया है। प्रभार मिलते ही वे पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गए हैं और वहां पहुंचकर चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। आगामी चुनाव तक श्री सिंह पश्चिम बंगाल में रहकर पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक बैठकों का संचालन करेंगे। वे स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने का कार्य करेंगे।


