राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 फरवरी। राजनांदगांव बौद्ध कल्याण समिति के अध्यक्ष के चुनाव को लेकर गहमा-गहमी के बीच मतदाताओं ने रविवार को अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 2022 की मतदाता सूची के आधार पर मतदाताओं ने दो केंद्रों में बारी-बारी मतदान किया। अध्यक्ष पद के लिए दीपांकर खोब्रागढ़े, वंदना मेश्राम और विजय रंगारी चुनाव मैदान में है।
मतदान के लिए स्थानीय सिविल लाईन स्थित अम्बेडकर चौक और क्रमांक 02 शिक्षक नगर के रमाबाई भवन को केंद्र बनाया गया। पहले नंबर के मतदान केंद्र में ममता नगर, तुलसीपुर, मोतीपुर, नवागांव, रामनगर, बसंतपुर, भरकापारा, संजय नगर, राहुल नगर, लखोली एवं मठपारा रामनगर के मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी तरह मतदान केंद्र 02 में स्टेशनपारा, शंकरपुर, गौरीनगर, रेल्वे स्टेशन के मतदाता पहुंचे। आज सुबह 8 बजे से गहमा-गहमी के बीच समाज के सभी वर्गों ने उत्साह के साथ मतदान किया। शाम 5 बजे तक मतदान संपन्न होगा। इसके पश्चात मतों की गणना होगी। परिणाम देर रात तक सामने आने की उम्मीद है। चुनाव संचालन के लिए प्रवीण नोन्हारे को मुख्य चुनाव संचालक बनाया गया है। अध्यक्ष पद के दावेदार दीपांकर खोब्रागढ़े ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि उन्हें जीत की उम्मीद है। समाज के युवा और अन्य वर्गों का समर्थन मिला है। अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नई उम्मीद और आशा के साथ सामाजिक हित में काम करेंगे।


