राजनांदगांव

छत्तीसगढ़ के स्कूल बनते जा रहे हिंसा के अड्डे -विशु
08-Feb-2026 5:14 PM
छत्तीसगढ़ के स्कूल बनते जा रहे हिंसा के अड्डे -विशु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 फरवरी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश सचिव विशु अजमानी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते कहा कि छत्तीसगढ़ के स्कूल हिंसा के अड्डे बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा सरकार की लापरवाही उजागर हो रही है।

श्री अजमानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हाल के दिनों में स्कूली बच्चों से जुड़ी लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था,  सामाजिक माहौल और शिक्षा परिसरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल, जिन्हें बच्चों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की नींव माना जाता है अब असुरक्षा और भय के केंद्र बनते नजर आ रहे हैं। राजनांदगांव जिले में एक स्कूली छात्र पर दिनदहाड़े धारदार हथियार से हमला किए जाने का सनसनीखेज घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।

इस घटना के बाद अभिभावकों में गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है। इसी बीच राजधानी रायपुर के आत्मानंद स्कूल में एक छात्र के पास चाकू मिलने की घटना ने हालात की गंभीरता को और उजागर कर दिया है। स्कूल परिसर के भीतर इस तरह की घटनाएं सामने आना यह दर्शाता है कि सुरक्षा व्यवस्था कहीं न कहीं पूरी तरह विफल हो चुकी है। यह मामला केवल एक स्कूल या एक छात्र तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र के लिए चेतावनी है।


अन्य पोस्ट