राजनांदगांव

गढ़चिरौली में मारे गए नक्सली 71 लाख के ईनामी थे
08-Feb-2026 4:46 PM
गढ़चिरौली में मारे गए नक्सली  71 लाख के ईनामी थे

 शीर्ष नक्सली प्रभाकर को छोड़ बाकी छत्तीसगढ़ के रहने वाले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 8 फरवरी। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में तीन दिनों तक गढ़चिरौली के जवानों के साथ चली मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की शिनाख्ती हो गई है।  सुरक्षा बलों के हाथों ढ़ेर हुए 7 नक्सलियों में शीर्ष नक्सली प्रभाकर शामिल था।
इस तरह प्रभाकर समेत छत्तीसगढ़ के रहने वाले 6 नक्सली पुलिस के हाथों मारे गए। इन पर 71 लाख रुपए का ईनाम था। सर्वाधिक ईनाम प्रभाकर उर्फ रवि (कामारेड्डी तेलंगाना) पर 25 लाख, पागू मोडियाम (बीजापुर) पर 16 लाख, अनिला उर्फ बुदड़ी (सुकमा) पर व कामेश पदा (सुकमा) पर 8-8 लाख रुपए का ईनाम था। इसके अलावा सुकमा के ही बैजनाथ उर्फ भीमा होली पर 6 लाख, मंगली कुरसाम (बस्तर) व जोगी सोढ़ी (बीजापुर) पर क्रमश: 4-4 लाख रुपए का ईनाम था।

गढ़चिरौली पुलिस का कहना है कि प्रभाकर एसजेडसी मेम्बर था।  साथ ही वह कंपनी नं. 10 का ब्यूरो इंचार्ज था। प्रभाकर पर 73 मुठभेड़, 13 हत्या, 6 आगजनी व 21 अलग-अलग अपराध में शामिल होने के तहत कुल 113 मामले में नामजद रिपोर्ट था। प्रभाकर एके-47 रायफल से लैस था। मारे गए नक्सलियों में दूसरे शीर्ष नक्सली पगू मोडियाम कंपनी नं. 5 का कमांडर था।
उस पर भी अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज था। मुठभेड़ में पुलिस ने प्रभाकर की सुरक्षाकर्मी अनिला को भी मार गिराया। घटनास्थल से एके-47 और 3 रायफल, एक एसएलआर समेत भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और 3 बीजीएल, 7 मैग्जीन जब्त जवानों ने बरामद किया। गढ़चिरौली पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ में कंपनी नं. 10 का अस्तित्व समाप्त हो गया है। इस सफलता के बाद पुलिस का नक्सल अभियान और तेज हो गया है।

 


अन्य पोस्ट