राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 फरवरी। सामुदायिक पुलिसिंग अंतर्गत जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन 7 फरवरी को किया गया। 2 से 4 फरवरी तक केसीजी जिले के 10 थाना एवं 01 पुलिस चौकी में थाना स्तर पर आयोजित की गई। सलेक्शन मैच कुल 154 टीमों के बीच प्रतियोगिता कराया गया। प्रत्येक थाना से प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान विजेता महिला व पुरूष की चयनित कुल 59 टीम मोहला में आयोजित प्रतियोगिता में शामिल हुए। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह एवं जनप्रतिनिधि व जिले के प्रमुख नागरिक व अधिकारी शामिल हुए। मुख्य अतिथि ने सिक्का उछाल टॉस कर फाईनल मैच का शुभारंभ किया। मिली जानकारी के अनुसार मोहला-मानपुर-अं. चौकी पुलिस द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन 7 फरवरी को दोपहर 2 बजे मोहला थाना के पीछे स्थित स्टेडियम में आयोजित हुआ।
2 से 4 फरवरी तक जिले के 10 थाना एवं 01 पुलिस चौकी स्तर पर चयन मैच आयोजित किए गए थे। जिनमें कुल 154 टीमों ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के उपरांत प्रत्येक थाना व चौकी से 3 महिला एवं 3 पुरूष टीमों का चयन किया गया। इस प्रकार कुल 59 चयनित टीमों ने 5 फरवरी से मोहला में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ 5 फरवरी को किया गया था। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह समेत मोहला एसपी यशपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी, भाजपा अध्यक्ष रमेश हिडामे, महामंत्री अनिल गुप्ता, दिनेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, उप पुलिस अधीक्षक ताजेश्वर दीवान, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि का बैज एवं कैप पहनाकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा सिक्का उछालकर फाइनल मैच का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह एवं मुख्य अतिथि अभिषेक सिंह ने खिलाडिय़ों को खेल भावना, अनुशासन एवं पूर्ण उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने प्रेरित किया।
इन्होंने बाजी मारी
फाइनल परिणाम में महिला वर्ग में प्रथम स्थान ग्राम हथरा थाना खडग़ांव, द्वितीय ग्राम मरकेली थाना मानपुर, तृतीय ग्राम केसरीटोला थाना अंबागढ़ चौकी, चतुर्थ स्थान बसेली थाना मदनवाड़ा व पुरूष वर्ग में प्रथम स्थान जिला कबड्डी संघ मोहला, द्वितीय सीजी योद्धा मरारटोला थाना चिल्हाटी, तृतीय ग्राम हथरा थाना खडग़ांव एवं चतुर्थ स्थान ग्राम संबलपुर थाना खडग़ांव ने प्राप्त किया।


