राजनांदगांव

बाइक सवार समेत दो मासूम की मौत
08-Feb-2026 4:55 PM
बाइक सवार समेत दो मासूम की मौत

4 बच्चों समेत 5 थे सवार , बहन के ससुराल जाते हादसा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 8 फरवरी। राजनांदगांव-दुर्ग रोड स्थित  टेडेसरा से सटे फुलझर में शनिवार देर शाम को एक भीषण सडक़ हादसे में एक युवक समेत 2 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे में 2 बच्चे जख्मी हैं। जिसमें एक की हालत गंभीर है। घटना उस वक्त हुई, जब एक बाइक में 4 बच्चों को लेकर अपने बहन के ससुराल जा रहे युवक ने सामने जा रही एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार काफी तेज गति में था। जिसके चलते वह एक कारखाने के मुख्य द्वार में मुड़ रही ट्रक पर नजर नहीं पड़ी और सडक़ हादसे में 3 की मौत हो गई। सोमनी पुलिस घटना की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक दुर्ग के थनौद के रहने वाले 24 वर्षीय सूरज यादव एक मोटर साइकिल में 4 बच्चों को लेकर अपने बहन के ससुराल जराही गांव जा रहा था। फुलझर स्थित धनांश स्टील कारखाने   के पास सामने जा रही माजदा वाहन को बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सूरज यादव, राहुल यादव (11 वर्ष) व ईशान यादव (8 वर्ष) की मौत हो गई। जबकि दो बच्चों को भी गंभीर चोंट पहुंची है। एक बच्चे की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। 

बताया जा रहा है कि मृतक सूरज यादव थनौद में मंडई कार्यक्रम में शामिल होने के बाद 4 बच्चों को लेकर जराही गांव जा रहा था। धनांश स्टील फैक्ट्री के मुख्य द्वार में प्रवेश के लिए मुड रही वाहन को बाइक सवार ने जोरदार ठोकर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि मृतक और दोनों मासूम बच्चों का सिर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ देर में वहां भीड़ जमा हो गई। हादसे से बौखलाए ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन को दोषी ठहराने की कोशिश करते फैक्ट्री को नुकसान पहुंचाने नारेबाजी की, लेकिन पुलिस ने ऐनवक्त पर स्थिति को संभाल लिया।

बताया जा रहा है कि मृतकों का आपस में मामा और भांजे का रिश्ता था। मड़ई से बहन के घर जाने के लिए दो अलग-अलग बाइक में सूरज और अन्य लोग निकले थे। इस भीषण सडक़ हादसे से परिवार में शोक का माहौल है। थनौद गांव में मातम छाया गया।  सोमनी पुलिस घटना की जांच कर रही है।

 

बाइक भिडं़त में दो की मौत

शहर के दूसरे क्षेत्र सुकुलदैहान के रेंगाकठेरा के पास दो बाइक की आपसी भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। घटना शुक्रवार की है। सुकुलदैहान पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि रेंगाकठेरा के पास अलग-अलग दिशा से आ रही  दो बाइक आपस में टकरा गए। जिसमें एक बाइक में सवार प्रीतेश बागड़े और तरूण पटेल की मौत हो गई।  दोनों युवकों को अस्पताल लाया गया था, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट