राजनांदगांव

प्रतियोगिताओं और संसाधन विस्तार पर बड़ा निर्णय
10-May-2025 8:02 PM
प्रतियोगिताओं और संसाधन विस्तार पर बड़ा निर्णय

छ.ग. हॉकी अध्यक्ष अंसारी ने सरगुजा संभाग का किया दौरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 10 मई। विश्रामपुर के एसईसीएल सामुदायिक भवन कॉलोनी में छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी की अगुवाई में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी खेल के विकास को गति देना था। बैठक में सरगुजा संभाग के पांच जिलों सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर के हॉकी संघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिनमें संभाग स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित करना प्रमुख है। साथ ही सभी पंजीकृत खिलाडिय़ों को हॉकी स्टीक वितरित की जाएगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन हेतु प्रत्येक जिला संघ को 10 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा सरगुजा और सूरजपुर जिलों में खेलो इंडिया हॉकी सेंटर की स्थापना हेतु पहल की जाएगी।

बैठक के दौरान विगत वर्ष की हॉकी गतिविधियों की समीक्षा की गई और आने वाले समय के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। इसमें वार्षिक हॉकी कैलेंडर का निर्धारण और खेल के सुधार से संबंधित विभिन्न योजनाओं पर चर्चा शामिल रही। राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष हॉकी चैम्पियनशिप आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। हॉकी संघ ने निर्णय लिया कि खिलाडिय़ों के उत्साहवर्धन हेतु ग्रासरूट हॉकी प्रतियोगिताएं कराई जाएगी। जिससे उभरते खिलाडिय़ों को मंच मिलेगा। 

 अध्यक्ष अंसारी ने कहा कि जैसे अब तक सभी मिलकर कार्य करते आए हैं, वैसे ही आगे भी एकजुट प्रयासों से छत्तीसगढ़ की हॉकी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जाएगा।

बैठक में अनुपम फिलिप, रामबहादुर लांबा, कमल कुमार मंडल सवाई नरसिह नारायण, साजि उमर, ऐंथ्रेन्स एक्का, नॉर्बर्ट तिर्की, दीपक खाखा, नरेश तिर्की, दाखिल लकड़ा, एस्टीफन कुजूर, आशीष दावरे, इन्शु अहमद, राघवेंद्र प्रताप,  वीर कुजूर अल्फांशो एक्का, विशाल दिप टोप्पो,  राजेश सिंह, मोहम्मद अशफाक, संदीप कुमार लकड़ा, रोनित मिंज, डेनिश मिंज आदि उपस्थित थे। बैठक पश्चात अम्बिकापुर में फिरोज अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी ने हॉकी मैदान जाकर खिलाडिय़ों से मुलाकात कर ग्राउंड का निरीक्षण भी किया।

एस्ट्रोटर्फ की मांग ने पड़ा जोर

पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं सरगुजा हॉकी संघ के अध्यक्ष टीएस सिंहदेव से उनके निवास में हॉकी संघ अध्यक्ष फिरोज अंसारी की अगुवाई में हॉकी संघ के सचिव सचिव राजेश सिंह, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद शफी, अनुपम फिलिप तथा हॉकी संघ के अन्य पदाधिकारियों ने मुलाकात की।

इस बैठक में सरगुजा संभाग में हॉकी खेल के विकास को लेकर गंभीर चर्चा की गई।

चर्चा के दौरान सिंहदेव ने कहा कि सरगुजा संभाग मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एस्ट्रोटर्फ  मैदान की पूर्व में की गई मांग को एक बार फिर सरकार के समक्ष पुरजोर तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि हॉकी जैसे लोकप्रिय खेल को प्रोत्साहित करने हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि स्थानीय खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में स्थानीय स्तर पर हॉकी टूर्नामेंट्स, प्रशिक्षण शिविर और खिलाडिय़ों की प्रतिभा को निखारने के लिए योजनाओं पर भी चर्चा हुई। यह पहल क्षेत्र में हॉकी को एक नई दिशा देने की संभावना रखती है।

अन्य पोस्ट