राजनांदगांव

मिलावटी शराब की बाटलिंग-रिफलिंग का भंडाफोड़, सेल्समैन सहित 4 गिरफ्तार
13-May-2026 3:02 PM
मिलावटी शराब की बाटलिंग-रिफलिंग का भंडाफोड़, सेल्समैन सहित 4 गिरफ्तार

 खैरागढ़ पुलिस की कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 मई।
शहर के मध्य एक मकान में अवैध तरीके से बाटलिंग और रिफलिंग कर मिलावटी शराब बिक्री करने के मामले में पुलिस ने सेल्समैन सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से अवैध शराब बोतल में प्रयुक्त ढक्कन, होलोग्राम और लेबलिंग की सामग्री भी बरामद की है।
मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ में राजपूत होटल के बाजू में एक मकान पर कुछ लोग अवैध रूप से मिलावटी शराब की बिक्री करने की सूचना पुलिस को मिली। उक्त सूचना पर थाना खैरागढ़ एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर रेड किया गया, जो राजपूत ढाबा के बगल में एक किराये के मकान में आरोपी भागवत वर्मा और त्रिलोक यादव अवैध रूप से शराब का बॉटलिंग एवं रिफलिंग करते रंगे हाथों पकड़ा गया।  उक्त कार्रवाई के आधार पर थाना खैरागढ़ में अप.क्र.  194/2026 धारा/ 34(1)क,  34(2), 36, 49(ख)(ग), 59 क(1)(2) आबकारी एक्ट एवं धारा 61(2), 318(4), 336(2), 336(3), 340(2) बीएनएस कायम किया गया। उपरोक्त दोनों आरोपियों से पूछताछ करने पर इनके अन्य 2 साथियों की संलिप्तता भी पाई गई। इस प्रकार कुल 4 आरोपियों  को गिरफ्तार किया गया।

सुपरवाईजर व सेल्समैन गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में भागवत वर्मा 26 वर्ष निवासी ग्राम सनडोंगरी गातापार (सेल्समैन खैरागढ़ शराब भ_ी), त्रिलोक यादव 29 वर्ष निवासी वार्ड क्र. 3 गैरेजपार कुसुमकसा दल्लीराजहरा बालोद (सेल्समैन खैरागढ़ शराब भ_ी), शक्ति नारायण सिंह 43 वर्ष निवासी रेस्ट हाउस रोड वार्ड नं. 15 दंतेवाड़ा हाल पता अमन झा का मकान सिविल लाइन खम्हरिया रोड खैरागढ़ और  तिपेश कुमार सोनी  31 साल निवासी डौंडी वार्ड क्र. 2 थाना डौंडी जिला बालोद (सुपरवाईजर जालबांधा शराब भ_ी) शामिल हैं।

 होलोग्राम, बोतल व ढक्कन जब्त
पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा शराब में पानी मिलाकर अवैध रूप से बॉटलिंग एवं रिफलिंग कर बिक्री करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से  130 नग गोवा स्पेशल व्हीस्की सील बंद,  10.5 लीटर संदिग्ध तरल पदार्थ, कुल जब्त शराब मात्रा 34 लीटर कीमत 22320 रुपए,  203 नग ढक्कन, 720 नग लेबल स्टीकर, 3 पत्ता होलोग्राम, 01 जेरिकेन, 01 चाड़ी, 12 नग ब्लू स्टिक, 67 नग खाली शराब बोतल,  02 नग खाली वाटर केन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर  न्यायालय में प्रस्तुत किया जाकर आदेशानुसार उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।  अवैध शराब के विरुद्ध केसीजी पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना खैरागढ़ पुलिस एवं साइबर सेल का सराहनीय योगदान रहा।

 


अन्य पोस्ट