राजनांदगांव
राजनांदगांव, 13 मई। पूज्य सिंधी पंचायत हेमू कालाणी नगर द्वारा कल 14 से 21 मई तक आठ दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन समाज के सभी वर्गों के लिए किया जा रहा है ।
खेल प्रभारी गिरधारी पंजवानी, अशोक तेजवानी एवं व्यवस्था प्रभारी पंकज जेठानी ने बताया कि इस बार युवाओं में खेल महोत्सव के प्रति जबरदस्त आकर्षण हैं। उन्होंने बताया कि रॉयल किड्स स्कूल प्रांगण में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया है। जिसमें दो वर्गों की टीम भाग लेगी। इसी तरह से वॉलीबॉल प्रतियोगिता माता मंदिर के सामने स्थित ग्राउंड में खेली जाएगी। इंडॉर खेल में कैरम, शतरंज, रस्सी कूद, रिंग थ्रो स्पून दौड़, कुर्सी दौड़ प्रतियोगिताएं सिंधु भवन में आयोजित की गई है।
प्रतियोगिता के संबंध में पंचायत के महासचिव हरीश मोटलानी एवं नितिन बत्रा ने बताया कि 14 मई को उद्घाटन सत्र में संत झूलेलाल की पूजा के साथ उद्घाटन होगा।
और फिर विविध प्रकार के खेल शुरू होंगे। खेल के लिए आयोजकों की समिति तैयार की गई है। साथ ही खेल कराने हेतु अंपायर कोच एवं प्रायोजक भी तैयार किए गए हैं। क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए यह भी विशेष प्रकार की तैयारी की गई है। उद्घाटन एवं समापन सत्र में अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है।


