राजनांदगांव

क्रस्ट स्टील ने किया शासकीय भूमि पर कब्जा - मुदलियार
13-May-2026 4:24 PM
क्रस्ट स्टील ने किया शासकीय भूमि पर कब्जा - मुदलियार

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 मई।
 शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने घुमका तहसील के ग्राम जोरातराई में क्रस्ट स्टील उद्योग पर शासकीय जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उद्योग की आड़ में 15 से 20 एकड़ सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया गया है और प्रशासन आंख मूंदकर बैठा रहा। मंगलवार को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार से मुलाकात कर मामले की शिकायत की। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि उद्योगों को जमीन आबंटित करने के बाद सीमांकन और भौतिक सत्यापन में गंभीर लापरवाही बरती गई। ग्रामीण लगातार शिकायत करते रहे, लेकिन प्रशासन ने उनकी आवाज दबाई गई। इसी का फायदा उठाकर उद्योग प्रबंधन ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में उद्योगपतियों को खुली छूट दी जा रही है। जबकि ग्रामीणों और किसानों के अधिकारों की अनदेखी हो रही है। कांग्रेस इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेगी और जरूरत पडऩे पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि तत्काल मौके पर नापजोख कराकर अतिक्रमित शासकीय भूमि को मुक्त कराया जाए तथा मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जाए। इस दौरान जनपद सदस्य मोहनीश धनकर, शुभम पांडे, घुमका ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामसूरत वर्मा, चेतन भानुशाली, लक्ष्मण साहू, वीरेंद्र चंद्राकर, ललित मरकाम, हिमालय बांधे, कदिर कुरैशी, राजिक सोलंकी, पिंकू खान, अमित कुशवाहा,  राकेश चंद्राकर सहित अन्य पदाधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट