राजनांदगांव

रिेटेल पेट्रोल पंपों की सीसीटीवी फुटेज जांच, औद्योगिक उपयोग और अवैध बिक्री पर होगी कार्रवाई
13-May-2026 4:12 PM
रिेटेल पेट्रोल पंपों की सीसीटीवी फुटेज जांच, औद्योगिक उपयोग और अवैध बिक्री पर होगी कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 मई।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में संचालित योजनाओं, निर्माण कार्यों, खाद्यान्न वितरण, राजस्व प्रकरणों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की विभागवार समीक्षा की।
कलेक्टर ने जिले के सभी रिटेल पेट्रोल पंपों से औद्योगिक उपयोग के लिए पेट्रोल एवं डीजल विक्रय नहीं करने के संबंध में सूचना जारी करने जिला खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने पेट्रोल पंपों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच एवं उन्हें दुरूस्त रखने कहा। सीसीटीवी फुटेज जांच के दौरान पेट्रोल एवं डीजल का औद्योगिक कार्यों एवं अवैध विक्रय पाए जाने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में प्राप्त मांग एवं शिकायतों के आवेदनों की विभाग प्रमुख स्वयं मॉनिटरिंग करें तथा गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निराकरण में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर ने जिले के सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन पत्राचार अब अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से किया जाए। जिससे कार्यों में पारदर्शिता एवं गति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। कलेक्टर ने जमीन अधिग्रहण के मुआवजा भुगतान की समीक्षा करते संबंधित अधिकारियों को हितग्राहियों की मुआवजा राशि प्राथमिकता के साथ शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भूमि अधिग्रहण से संबंधित रिकॉर्ड का दुरूस्तीकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने जिला खाद्य अधिकारी को आगामी तीन दिवस के भीतर सभी शेष हितग्राहियों को तीन माह का राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खाद्य दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिलावटी एवं एक्सपायरी खाद्य सामग्री पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरूद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। जिससे आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने पेयजल सप्लाई और बर्फ फैक्ट्रियों में लगातार जांच करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पीएम-आशा योजना के अंतर्गत किसानों से दलहन एवं तिलहन खरीदी की जानकारी लेते कहा कि पंजीकृत किसानों से शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्रीष्मकालीन मौसम में धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों के लिए पर्याप्त बाजार उपलब्ध कराने तथा खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी आवेदनों का नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों का एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 ग्राम पंचायतों में प्राप्त राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ को नियमित मॉनिटरिंग करने कहा।
कलेक्टर ने नगरीय निकायों के अधिकारियों को बारिश पूर्व नालों की सफाई पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, निर्माणाधीन स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवनों सहित अन्य निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ बारिश से पहले पूर्ण करने कहा। उन्होंने जिले में अग्निवीर भर्ती के लिए 2700 युवाओं द्वारा पंजीयन की जानकारी लेते युवाओं को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने कहा। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते संस्थागत प्रसव बढ़ाने, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा मरीजों को दिए जाने वाले भोजन एवं नाश्ते की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लगाए जा रहे सोलर पैनलों की समीक्षा करते अधिक से अधिक नागरिकों को योजना से लाभान्वित करने तथा जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट