राजनांदगांव

गृह वार्ड चिखली में शराब दुकान खोलने से भडक़ीं मेयर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 सितंबर। शनिवार को शहर के चिखली वार्ड में शराब खोले जाने के खिलाफ कांग्रेसियों ने चक्काजाम कर दिया। यह वार्ड महापौर हेमा देशमुख का गृह वार्ड है। ऐसे में कांग्रेस ने इसे राजनीतिक मुद्दा बना लिया।
महापौर ने करीब एक माह पूर्व प्रशासन से शराब दुकान अन्यत्र खोले जाने की मांग की थी। शुक्रवार को प्रशासन ने राज्य सरकार के आदेश पर शराब दुकान खोल दिया। कांग्रेस ने इस फैसले के खिलाफ सडक़ पर आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। इसी के मद्देनजर आज चिखली-खैरागढ़ मार्ग में कांग्रेस नेताओं ने सडक़ में चक्काजाम कर दिया। हालांकि आधा घंटा बाद प्रशासनिक अधिकारियों से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया गया।
महापौर श्रीमती देशमुख की अगुवाई में कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। महापौर ने शराब नीति के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि एक विधायक के तौर पर डॉ. सिंह को शराब दुकान खोले जाने के राज्य सरकार के निर्देश का विरोध करना था। उनके विधानसभा में शराब दुकान की संख्या बढ़ रही है। इससे स्पष्ट है कि शराब नीति को लेकर सरकार की दोहरी सोच है। बंद के चलते कुछ देर तक दोनों ओर की आवाजाही बाधित हुई। पुलिस ने यातायात को बहाल करने की पूरी कोशिश की। चक्काजाम समाप्त होने के बाद यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से जारी हुआ।
चक्काजाम करने वालों में पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, आसिफ अली, सिद्धार्थ डोंगरे, सूर्यकांत जैन, शारदा तिवारी समेत अन्य कांग्रेसी व वार्ड के लोग शामिल थे।