राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 फरवरी। आज सुबह नगर एवं क्षेत्र में हुई बारिश से रबी एवं सब्जी का फसल लेने वाले किसानों को काफी क्षति का सामना करना पड़ा है। किसानों की माने तो बारिश से लाखड़ी, चना व सोयाबीन का फसल लेने वाले किसानों को बेमौसम बारिश से क्षति हुई है। जबकि टमाटर एवं हरी सब्जी का उत्पादन करने वाले किसानों की फसल खराब होने की शिकायतें हैं।
सोमवार सुबह मौसम में आए परिवर्तन के बाद सुबह दस बजे से झमाझम बारिश शुरू हो गई। नगर के अलावा चिल्हाटी आमाटोला व रेंगाकठेरा, बांधाबाजार क्षेत्र में एक से दो घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। अचानक हुई बारिश से सब्जी उत्पादन करने वाले किसानों को काफी नुकसान का सामना करना पड़ा है। बागनारा के कृषक शमीमुद्दीन कुरैशी एवं मोनू कुरैशी ने बताया कि उनके पपीता की फसल चौपट हो गई। जबकि बांधाबाजार जोरातराई में टमाटर एवं सब्जी का फसल उगाने वाले कृषक कोमल सिन्हा ने बताया कि टमाटर के पौधे बेमौसम एवं भारी बारिश से जमीन पर लेट गए हैं। जबकि अब सब्जी में कीड़े लगने लगेंगे।
उसी तरह चौकी के कृषक महेश निषाद ने बताया कि बेमौसम बारिश से लाखड़ी, सोयाबीन एवं चना के फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। इसी तरह नदी किनारे सब्जी का उत्पादन करने वाले कृषक रामसाय पटेल, निजाम साय, बल्लू निषाद, रमेश पटेल, सुखचंद पटेल, दयालू पटेल, त्रिवेणी पटेल, यशवंत पटेल, नारायाण पटेल, रूखमन पटेल, देवीलाल पटेल ने बताया कि अचानक हुई बारिश व तेज हवाओं से उनके सब्जी के फसल को काफी नुकसान का सामना करना पड़ा है।


