राजनांदगांव
नांदगांव के विकास को बजट में मिली विभिन्न सौगातें, लगभग 1000 करोड़ से होगा जिले का चहुंमुखी विकास
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 फरवरी। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा 2026-2027 के लिए प्रस्तुत बजट को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के चहुंमुखी विकास और विकसित छत्तीसगढ़ का रोड मैप बताया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रदेश सरकार का यह एक दूरदर्शी और जनहितैषी बजट साबित होगा। यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन का परिचायक है। वित्त मंत्री ने इस वर्ष के बजट की थीम ‘संकल्प’ रखी है। जिसमें समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अन्त्योदय, लाइवलीहुड और पॉलिसी से परिणाम तक को प्राथमिकता देकर सभी वर्गों के हित को समाहित किया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश सरकार ने ‘संकल्प-थीम’ के साथ 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपए का बजट पेश कर प्रदेश के सतत् विकास का खाका खींचा है। इसमें 05 प्रमुख मिशन शामिल किए गए हैं। जिसमें मुख्यमंत्री एआई मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन, मुख्यमंत्री अधोसरंचना मिशन और मुख्यमंत्री स्टार्टअप और निपुण मिशन के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर, जल संवर्धन और किसानों को बजट में विशेष स्थान दिया गया है।
डॉ. सिंह ने बताया कि राजनांदगांव जिले के विकास हेतु इस बजट में लगभग 1000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। जीवनदायिनी शिवनाथ नदी के संरक्षण, संवर्धन एवं विकास हेतु इस बजट में लगभग 250 करोड़ रुपए की अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अन्तर्गत 20 करोड़, स्कूल शिक्षा विभाग के अन्तर्गत 20 करोड़ रुपए, नगरीय प्रशासन विभाग के अंतर्गत 60 करोड़, लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 200 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को जगह दी गई है। इस तरह बजट में राजनांदगांव जिले के विकास के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
तहसील कार्यालय बनेगा मार्डन हाईस्कूलों का होगा उन्नयन
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि बजट में राजनांदगांव के तहसील कार्यालय को मॉर्डन रूप में विकसित करने 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसी तरह जिला कार्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु 1 करोड़, उप पंजीयक कार्यालय, डोंगरगढ़ के लिए 80 लाख, लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय परिसर में स्टॉफ क्वार्टर के लिए 1 करोड़ 20 लाख, जिला न्यायालय के स्टॉफ क्वार्टर हेतु 5 करोड़ रुपए प्रदान किए गए हैं।
इसी तरह हाईस्कूलों के उन्नयन हेतु बजट में राशि प्रदान की गई है। इसके अन्तर्गत ग्राम रानीतराई, धामनसरा, गोड़लवाही, बालक हायर सेकण्ड्री स्कूल लालबहादुर नगर के उन्नयन हेतु 75-75 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा शासकीय महाविद्यालय अर्जुनी के लिए 4 करोड़ 65 लाख आवासीय महाविद्यालय राजनांदगांव हेतु 10 करोड़ एवं दिग्विजय कॉलेज बालक छात्रावास पेंड्री के लिए 60 लाख रुपए प्रदान किए गए हैं।
हॉकी स्टेडियम में लगेगी फ्लड लाईट, रानीसागर का होगा पुर्नविकास
बजट में खेल के लिये विशेष प्रावधान किये गये है। इसके अन्तर्गत हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में टर्फ रिप्लेसमेंट, विद्युतीकरण एवं फ्लड लाईट हेतु 8 करोड़ 80 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है। इसी तरह दिग्विजय स्टेडियम में इंडोर बैडमिंटन, बॉस्केटबॉल एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार हेतु 6 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा राजनांदगांव में इंडस्ट्रीयल फैसिलीटेशन हेतु 20 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। राजनांदगांव के ऐतिहासिक रानीसागर एवं बूढासागर के पुनर्विकास हेतु बजट में 35 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। रेलवे क्रॉसिंग गौरीनगर से सरकारी प्रेस तक सडक़ चौड़ीकरण के लिए 11 करोड़ रुपए दिए गए हैं।


