राजनांदगांव
दिग्गी राजा के जोरदार स्वागत की तैयारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 फरवरी। राज्यसभा सांसद व अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कल 26 फरवरी को राजनांदगांव जिले के एक दिनी दौरे पर पहुंचेंगे। दिग्गी राजा आज राजधानी रायपुर में एक कार्यक्रम में शिरकत कर रात्रि विश्राम करेंगे।
कल सुबह वह तय कार्यक्रम के अनुसार रायपुर से कार द्वारा राजनांदगांव आएंगे। तत्पश्चात वह डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर बालाघाट के किरनापुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
पूर्व सीएम के प्रवास की जानकारी मिलने के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने उनके जोरदार स्वागत की तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जिले की सरहद में प्रवेश पर अंजोरा-टेडेसरा में स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शहर आगमन पर दिग्गी राजा का फूलमाला से स्वागत किया जाएगा। बताया जा रहा है कि पूर्व सीएम अपने संक्षिप्त दौरे में दिवगंत उदय मुदलियार के परिजनों से भेंट करने जाएंगे। इसके बाद वह डोंगरगढ़ पहुंचकर देवी-दर्शन के बाद बालाघाट जिले के किरनापुर के लिए रवाना होंगे।


