राजनांदगांव

कांगे्रस के वायदे और इरादे में जमीन-आसमान का अंतर- किशुन
27-Apr-2023 3:42 PM
कांगे्रस के वायदे और इरादे में जमीन-आसमान का अंतर- किशुन

आम जनता को संपत्तिकर में कोई छूट नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अप्रैल।
नगर पालिक निगम  राजनांदगांव के नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने निकाय क्षेत्र की आम जनता को संपत्तिकर में छूट न दिए जाने को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने बयान जारी करते कहा कि यह सरासर जनता के साथ अन्याय है। चुनावी घोषणा के बावजूद कांग्रेस इसे अमल में नहीं ला रही है। 

किशुन यदु ने कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र सामने है। विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने प्रदेश में कांग्रेस के जिस कथित जनघोषणा पत्र को जारी किया था, उस पर ही सत्तापक्ष अमल नहीं कर रहा है। इनके वायदे और ईरादे में जमीन आसमान का अंतर है। इनके ही आलाकमान की हैसियत भी इनके वायदा खिलाफी के आगे कुछ नहीं है। 

उन्होंने कहा कि मंगलवार को नगर पालिक निगम में विशेष सम्मेलन में औद्योगिक इकाईयों को संपत्तिकर में 50 प्रतिशत की छूट देने का प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया है। हम इसका स्वागत करते हैं, लेकिन आम जनता को किसी तरह की राहत नहीं दी गई। भाजपा ने यहां भी कांग्रेस को उसके वायदे याद दिलाए। कांग्रेस के जनघोषणा पत्र को हमने सामने रखा, लेकिन कांग्रेसी महापौर और सत्तापक्ष इस पर चुप्पी साध गए या फिर उन्होंने विषय को बदलने की कोशिश की। 

श्री यदु ने कहा कि भाजपा पार्षद दल इस पर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराएगी। आम जनता को संपत्तिकर में राहत देनी ही होगी। कांग्रेसी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी सरकार की घोषणाएं पर अमल का खोखला दंभ भरते हैं। उन्होंने दोहरा चरित्र दिखाया है।
 


अन्य पोस्ट