रायपुर
बंगले में नोटिस चस्पा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जुलाई। निलंबित एडीजी जीपी सिंह पर शिकंजा कसता ही जा रहा है। बताया गया कि जीपी सिंह के यहां बरामद डायरी में ईवीएम हैकिंग से जुड़ी चौकाने वाली जानकारी सामने आई है। कुछ कंपनियों के नाम भी दर्ज हैं। इसकी जांच शुरू हो गई है।
निलंबित एडीजी जीपी सिंह के डायरी के पन्नों का हस्तलिपि विशेषज्ञों से पड़ताल कराई जा रही है। साथ ही डायरी के पन्नों के आधार पर जांच भी शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक जीपी सिंह की डायरी में ईवीएम हैकिंग की बारिक जानकारियां उल्लेखित हैं। इससे पुलिस अफसर हतप्रभ हैं, और हैकिंग से जुड़ी कंपनियों के नाम भी डायरी में दर्ज हैं। कंपनियों के एड्रेस, और फोन नंबर भी दिए गए हैं।
पुलिस कंपनियों से संपर्क साधकर जीपी सिंह के संबंधों की पड़ताल कर रही है। दूसरी तरफ, जीपी सिंह ने हाईकोर्ट में सीबीआई जांच के लिए याचिका लगाई है। याचिका अभी स्वीकृत नहीं हुई है। साथ ही साथ निचली अदालत में अग्रिम जमानत के लिए भी आवेदन लगाया है। दोनों जगहों पर प्रतिवाद के लिए पुलिस वकीलों से संपर्क बनाए हुए हैं। इससे परे ईओडब्ल्यू ने उन्हें हाजिर होने के लिए बंगले में नोटिस भी चस्पा किया है। जीपी सिंह की अभी तक कोई जानकारी नहीं है। जल्द ही उन्हें फरार भी घोषित किया जा सकता है।