रायपुर
कर्मचारी चयन मंडल को जीएडी का आदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 नवंबर। सामान्य प्रशासन विभाग ने शीघ्रलेखक/डाटा एण्ट्री ऑपरेटर/स्टेनो टायपिस्ट/सहायक ग्रेड-3/पटवारी आदि के पद पर नियुक्ति के लिए कम्प्यूटर विषय से संबंधित अर्हता का निर्धारण किया है। इसके तहत 2015,18 में जारी अर्हता निर्देश के तहत डिप्लोमा मान्य होगा।
साप्रवि ने बीते 9 सितंबर को शीघ्रलेखक, डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टेनो टायपिस्ट, सहायक ग्रेड-3, पटवारी आदि पदों पर नियुक्ति के लिए न्यूनतम तकनीकी अर्हता के रूप में मान्यता प्राप्त संस्था से कम्प्यूटर में एक वर्षीय डिप्लोमा निर्धारित किया था। इसके बाद शासन के संज्ञान में यह तथ्य आया है कि इन पदों के लिए कम्प्यूटर संबंधी अनिवार्य अर्हता के लिए किन संस्था तथा कौन-कौन डिप्लोमा/प्रमाण-पत्र/डिग्री मान्य रहेंगे, तत्संबंध में भ्रांतियां उत्पन्न हो रही है।
सचिव रजत कुमार के आदेश अनुसार छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मण्डल अधिनियम की धारा-19 निहित शक्तियों के तहत् यह स्पष्ट किया जाता है कि शीघ्रलेखक, डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टेनो टायपिस्ट, सहायक ग्रेड-3, पटवारी आदि पदों, जिसके लिए सा.प्र.वि. द्वारा न्यूनतम तकनीकी अर्हता कम्प्यूटर में एक वर्षीय डिप्लोमा निर्धारित किया गया है, उन पदों के लिए कम्प्यूटर विषय से संबंधित वही प्रमाण पत्र/डिप्लोमा/उपाधि यथावत मान्य रहेंगे, जो सामान्य प्रशासन विभाग के 2015-18 के तहत पूर्व से निर्धारित है।
इन आदेशों में तकनीकी शिक्षा एवं जनशक्ति नियोजन विभाग द्वारा अनुशंसित आई.टी.आई. से कम्प्यूटर आपरेटर एवं प्रोग्राम असिस्टेंट व्यवसाय में एक वर्षीय डिप्लोमा / सर्टिफिकेट।
मान्यता प्राप्त बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन / राज्य तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किया गया कम्प्यूटर साईंस / इन्फार्मेशन टेक्नालॉजी / मॉडर्न आफिस मैनेजमेंट का डिप्लोमा (2 वर्ष से अन्यून)। किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय / डिम्ड युनिवर्सिटी / इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय / भोज विश्वविद्यालय द्वारा प्रदत्त कम्प्यूटर साईंस / इन्फार्मेशन टेक्नालॉजी / कम्प्यूटर एप्लीकेशन में एक वर्षीय पी.जी. डिप्लोमा, स्नातक / स्नात्कोत्तर उपाधि। डीओईएसीसी सोसाईटी, नई दिल्ली द्वारा प्रदत्त विभिन्न डिप्लोमा को मान्य किया गया है।