रायपुर

चिटफंड कंपनियों को पैसा वापस करने के लिए बाध्य किया जाएगा - अशोक बजाज
30-Jun-2021 6:58 PM
चिटफंड कंपनियों को पैसा वापस करने के लिए बाध्य किया जाएगा - अशोक बजाज

पीसीसी अध्यक्ष जश्न मनाने के बजाय जन घोषणा पत्र की समीक्षा करें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जून।
जिपं के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज ने कहा कि पीसीसी अध्यक्ष अपना 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर जश्न मनाने के बजाय विधानसभा चुनाव के दौरान जारी किए गए जन घोषणा पत्र की समीक्षा करें। 

श्री बजाज ने कहा कि कांग्रेस ने चिटफंड कंपनियों के निवेशकों के साथ पूर्णता वादाखिलाफी की है, विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में चिटफंड कंपनियों के निवेशकों को पैसा वापस देने के लिए योजना बनाने का वादा किया था, लेकिन सरकार का आधा कार्यकाल पूर्ण हो गया, अभी तक सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है।

श्री बजाज ने बताया कि छत्तीसगढ़ के लगभग 20 लाख खातेदारों का विभिन्न कंपनियों यथा साईं प्रसाद, पल्स ग्रीन, साईं प्रकाश, एचबीएन एवं गरिमा आदि कंपनियों में लगभग 5000 करोड़ रुपये फंसा हुआ है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में इन्हें योजना बनाकर रकम वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन सरकार ने ढाई वर्षों में कोई रुचि नहीं दिखाई। पीसीसी अध्यक्ष अपना 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर किस बात का गर्व कर रहे हैं, यह जनता के समझ से परे है।

इस विषय पर आज चिटफंड कंपनियों के निवेशकों एवं अभिकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने भागीरथी साहू, मनहरण निर्मलकर एवं फनेन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में जिपं के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज से भेंट कर ज्ञापन दिया तथा इस दिशा में उचित पहल करने की मांग की। 

श्री बजाज ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसी भी हालत में निवेशकों का पैसा नहीं डूबेगा, दोषी कंपनियों को पैसा वापस करने के लिए बाध्य किया जाएगा।


अन्य पोस्ट