रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 जून। खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के बैठक कक्ष में जांजगीर-चांपा जिले के बुनकर सहकारी समितियों के उत्पादन की समीक्षा संबंधी बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के मंत्री गुरू रूद्र कुमार द्वारा जांजगीर-चांपा जिले से आये बुनकर प्रतिनिधियों को संबोधित किया गया। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा संघ रायपुर द्वारा शासकीय वस्त्र आपूर्ति के तहत् स्कूल शिक्षा विभाग को प्रतिवर्ष लगभग 60 लाख सेट गणवेश की आपूर्ति की जाती है। गणवेश वस्त्रों के लिये लगभग 1.46 करोड़ मीटर वस्त्र का उत्पादन राज्य के लगभग 252 बुनकर सहकारी समितियों द्वारा किया जाता है। इससे लगभग 40 हजार बुनकरों को नियमित रोजगार प्राप्त होता है। उपरोक्त वस्त्रों के उत्पादन के लिये हाथकरघा संघ द्वारा बुनकर समितियों को उनके ग्राम में धागा पहुंचाकर तथा वहां से बने वस्त्र एकत्र कर प्रदेश के महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से गणवेश वस्त्रों की सिलाई कर आपूर्ति की जाती है।
जांजगीर-चांपा जिले के 64 बुनकर सहकारी समितियों द्वारा किये जा रहे गणवेश वस्त्रों के उत्पादन की समीक्षा संघ के अध्यक्ष मोतीलाल देवांगन एवं प्रबंध संचालक राजेश सिंह राणा द्वारा की गई।
समीक्षा में सभी समितियों के पास पर्याप्त मात्रा में गणवेश का धागा पाया गया। संघ के अध्यक्ष महोदय द्वारा बैठक में उपस्थित 38 बुनकर सहकारी समिति के प्रतिनिधियों को गणवेश वस्त्र का उत्पादन आगामी 15 अगस्त तक पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में ग्रामोद्योग मंत्री द्वारा वस्त्रों का उत्पादन निर्धारित गुणवत्ता एवं समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया। मंत्री द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ बुनकरों तक अधिकाधिक पहुंचाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया। विगत वर्ष से कोरोना संक्रमण के फलस्वरूप उत्पन्न उत्पादन संबंधी समस्याओं को शीघ्र दूर कर बुनकरों को नियमित रोजगार देने हेतु विशेष कार्य-योजना बनाने के लिए भी निर्देशित किया गया।
बैठक में अध्यक्ष द्वारा डीजल की कीमतों में वृद्धि के फलस्वरूप यार्न एवं वस्त्र परिवहन में आ रही रूकावटो को भी शीघ्र निराकृत करने का आश्वासन दिया गया तथा समितियों को स्वयं के वाहन से परिवहन किये जाने पर एक तरफ का ट्रांसपोर्ट किराया देने का भी आश्वासन दिया गया।
बुनकर समितियों द्वारा उत्पादन की जांच में रिजेक्ट वस्त्रों के निराकरण की भी मांग की गई, जिस पर माननीय मंत्री महोदय द्वारा वस्त्र जांच में रिजेक्ट वस्त्रों के निराकरण के लिये एक सप्ताह में एक नीति तैयार करने हेतु संघ के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में संघ के अध्यक्ष द्वारा मंत्री को अवगत कराया गया कि राज्य के अधिकांश बुनकर आवासहीन है तथा कई बुनकरों के घर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है, जिससे उन्हे बुनाई कार्य करने का स्वच्छ वातावरण प्राप्त नहीं होता है। इस हेतु उन्हे हाथकरघा विभाग के बुनकर आवास योजनांतर्गत 2.50 लाख रूपये की सहायता राशि बुनकर बाहुल नगर चांपा में स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया गया, जिस पर माननीय मंत्री महोदय द्वारा पात्र बुनकरो को योजनांतर्गत सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
समीक्षा बैठक के अंत में संघ के प्रबंध संचालक राजेश सिंह राणा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इस अवसर पर हाथकरघा संघ में उत्पादन विपणन एवं संबंधित कक्ष के कर्मचारी तथा जांजगीर-चांपा जिले के जिला हाथकरघा अधिकारी तथा अनेकों अपेक्स प्रतिनिधि और बुनकर समिति के अध्यक्ष तथा हाथकरघा संघ के उपाध्यक्ष विनोद देवांगन, संचालक सदस्य गाड़ाराय देवांगन, अमृता देवांगन, लक्ष्मण देवांगन उपस्थित थे।