रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 मार्च। भाजपा ने आज यहां बठेना पाटन घटना का विरोध करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से एक परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बीते दिनों यहां अनुसूचित जाति परिवार के 5 पांच सदस्यों की मौत की खबर आई, लेकिन आरोपियों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन किया और प्रदेशभर में मंडल स्तर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला जलाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने न्याय की मांग की। इसी कड़ी में आज यहां बूढ़ा तालाब में जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन किया गया। धरना सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि बीते दो सवा दो वर्षों में प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ गया हैं। जिस पर प्रदेश सरकार का कहीं कोई नियंत्रण नजर नहीं आता।