रायपुर

धान खरीदी भटक रहे किसान-बैज, आरोपों में सत्यता नहीं-साय
23-Nov-2026 7:35 PM
धान खरीदी भटक रहे किसान-बैज, आरोपों में सत्यता नहीं-साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 नवंबर। धान खरीदी को लेकर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर पलटवार करते हुए सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि उनके आरोप में कोई सत्यता नहीं है। इस साल 360 धान खरीदी केंद्र नया बनाये है और कुल 3100 धान खरीदी केंद्र है ताकि किसानों को बेचने में किसी तरह की तकलीफ नहीं हो।

 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुये कि 3100 में से अब तक लगभग 1 हजार केंद्रों में धान खरीदी शुरू ही नहीं हो पायी है। तौलाई, बारदाना, टोकन की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों का रकबा पोर्टल में शून्य कर दिया गया है, इन किसानों को न आदान सहायता मिल पायेगा और न ही इनका धान एमएसपी पर खरीदी हो पायेगी। कई खेतो में धान के फसल को दिगर फसल दर्ज कर दिया गया है, कई किसानों का रकबा कम दिखाया जा रहा है, त्रुटि सुधारी नहीं जा रही है, ऐसे में किसान भटक रहे है यह सरकार धान खरीदी को लेकर गंभीर नही है। अध्यक्ष की नियुक्ति रोक पर पीएससी भर्ती प्रक्रिया जानबूझकर बाधित कर रही है सरकार, क्या यही है यूपीएससी पैटर्न?  बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद विगत 8 सितंबर 2026 से खाली है, पिछले ढाई महिने से सभी परीक्षाएं और साक्षात्कार स्थगित किये जा रहे है। 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी के नाम पर प्रदेश के युवाओ से वादा किया गया था कि यूपीएससी पैटर्न पर पीएससी भर्ती परीक्षा होगी, क्या यही यूपीएससी पैटर्न है? 2025 का पीएससी अभ्यर्थियों का इंटरव्यू इसी के चलते अनिश्चित काल के लिये रोक दिया गया है, यह सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं से विश्वासघात कर रही है। 75 दिनों से पीएससी का सारा काम काज ठप्प पड़ा है।


अन्य पोस्ट