रायपुर
रायपुर के 500 से अधिक शिक्षकों सहित 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 नवंबर। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को आधुनिक तकनीक, नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जोडऩे की दिशा में उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजूकेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इस पहल के अंतर्गत प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई तकनीक के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि आज का युग ज्ञान, नवाचार और तकनीक का है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने की क्षमता रखता है। एआई शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता, रचनात्मकता और शिक्षण प्रभावशीलता को कई गुना बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण साधन है। एक अच्छा शिक्षक विद्यार्थियों को केवल जानकारी ही नहीं देता, बल्कि उनमें सोचने, समझने, प्रश्न करने और जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा भी विकसित करता है।
श्री वर्मा ने कहा कि एआई तकनीक के माध्यम से प्राध्यापक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार कर सकेंगे।
प्रारंभिक कार्यशाला में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों, अधिकारियों तथा उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रारंभिक प्रशिक्षण के बाद विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, उच्च शिक्षा आयुक्त श्रीमती रीता यादव, गूगल फॉर एजूकेशन की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीड (इंडिया) सुश्री ईशा पोरवाल जैन सहित उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल, क्रीड़ाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।