रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 नवंबर। उप मुख्यमंत्री खेल एवं युवा कल्याण अरुण साव से छत्तीसगढ़ के भ्रमण पर आए 6 राज्यों के युवाओं ने मुलाकात की। भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से कुल 150 युवा छत्तीसगढ़ आए हुए हैं। सप्ताह भर के भ्रमण के दौरान ये युवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक वैभव और विकास से रू-ब-रू हुए। उन्होंने एक-दूसरे के राज्यों की संस्कृति खानपान और रहन-सहन के बारे में भी जाना। प्रवास के अंतिम दिन उन्होंने उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। सप्ताह भर के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान छह राज्यों के युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात के साथ ही सिरपुर, नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांकन और विधान सभा का भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक वैभव और विकास से रू-ब-रू हुए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से एक-दूसरे की संस्कृति को भी जाना-समझा। युवाओं ने रायपुर में सियान गुड़ी (वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह) का भ्रमण कर बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। डिजिटल साक्षरता एवं साइबर अपराध और उद्यमिता पर संवादात्मक सत्रों के जरिए उन्हें जागरूक भी किया गया।