रायपुर

अल-नीनो बेअसर, हुई अच्छी बारिश, मानसून की विदाई 10 दिन बाद से
20-Sep-2026 6:56 PM
अल-नीनो बेअसर, हुई अच्छी बारिश, मानसून की विदाई 10 दिन बाद से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 सितंबर। देश के उत्तर पश्चिमी हिस्से से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। मगर छत्तीसगढ़ से यह 10-15 दिन बाद ही विदा होगा। इससे पहले एक कम दबाव का क्षेत्र छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है जो अंतिम झोंके का कारण बनेगा।

हालांकि इससे कितनी बारिश होगी यह कहना मुश्किल है लेकिन विदाई से पहले एक दौर की बारिश संभव है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार कल शनिवार से  मानसून की विदाई का दौर पश्चिमी राजस्थान से शुरू हो गया है। अगले 3-4 दिनों में गुजरात से राजस्थान से होकर पंजाब  हरियाणा से विदाई के लिए अनुकूल स्थितियां हैं। मानसून को लेकर मई में जारी दीर्घकालिक पूर्वानुमान में इस वर्ष अलनीनो का बड़ा प्रभाव बताया गया था। इससे 80 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई थी। छत्तीसगढ़ के लिहाज से  यह बेअसर रहा। छत्तीसगढ़ और इससे लगे ओडिशा, आंध्र और मप्र में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

छत्तीसगढ़ में 1 जून से 19 सितंबर तक प्रदेश में अब तक 996.5 मि.मी बारिश दर्ज की गई। जबकि इस अवधि के लिए राज्य की औसत वर्षा 1141.2 मि.मी. निर्धारित है। इस दौरान बलरामपुर में सर्वाधिक तो कांकेर में सबसे कम वर्षा हुई।

सरगुजा संभाग की बात करें तो बलरामपुर जिले ने रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की है, जहां औसत वर्षा के मुकाबले 169.7 प्रतिशत (1488.5 मि.मी.) पानी बरसा है। रायपुर संभाग में मानसून काफी मेहरबान नजर आ रहा है।  बिलासपुर संभाग के जिलों में भी संतोषजनक वर्षा दर्ज की गई है।

दुर्ग संभाग के मैदानी इलाकों में बालोद जिला 106.3 प्रतिशत (1057.1 मि.मी.) बारिश के साथ सबसे आगे है।    दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग में बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिला है। नारायणपुर जिले में औसत की तुलना में 108.6प्रतिशत (1376.6 मि.मी.) बारिश हो चुकी है।कांकेर में प्रदेश में सबसे कम मात्र 67.0प्रतिशत (945.7 मि.मी.) ही वर्षा दर्ज की गई है। 

 बंगाल की खाड़ी में

कम दबाव का क्षेत्र, छग में बारिश संभव

रायपुर मौसम विभाग की प्रमुख गायत्री कांचीबोट्ला ने बताया कि  उत्तरी अंडमान सागर और उससे सटे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा और आज, 20 सितंबर,को सुबह 0830 बजे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर स्थित था। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे और धीरे-धीरे तेज़ होकर 21 तारीख को पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक डिप्रेशन (अवदाव) और 22 सितंबर को पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक डीप डिप्रेशन (गहन अवदाव) में बदलने की बहुत संभावना है। पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए, इसके 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश - दक्षिणी ओडिशा तटों के पास पश्चिमी-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक पहुँचने की बहुत संभावना है।


अन्य पोस्ट