रायपुर

वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा, छग से 4 यात्राएं गुजरेंगी
20-Sep-2026 6:55 PM
वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा, छग से 4 यात्राएं गुजरेंगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 सितंबर। पीएम नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर जारी पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत निकली वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा का छत्तीसगढ़ में रूट तय हो गया है। छत्तीसगढ़ में यह यात्राएं 18 जिलों से गुजरेंगी। इनमें पहली यात्रा 28 सितंबर को राजनांदगांव से, दूसरी 29 सितंबर को बोड़ला से, तीसरी 1 अक्टूबर को जनकपुर, चौथी यात्रा 2 अक्टूबर को मनेंद्रगढ़ से प्रवेश करेगी।

यात्रा में छत्तीसगढ़ भाजयुमो के 1000 युवा ‘सेवा यात्री’ बनेंगे। यात्रा एक ही समय पर दो दिशाओं से शुरू होगी— वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) और वाराणसी से वडनगर। जो  7 अक्टूबर तक निरंतर चलेगी। प्रत्येक यात्रा मार्ग पर 25 मोटरसाइकिलें और 50 समर्पित सेवा यात्री चलेंगे।  तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार, पूर्वोत्तर और छत्तीसगढ़ सहित देश के कोने-कोने से विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और क्षेत्रों के युवा इसमें शामिल होंगे।

यात्रा के 20 अलग-अलग मार्गों (टोलियों) का नामकरण भारत की पवित्र नदियों के नाम पर किया गया है। यह यात्रा देश के 10 प्रमुख राज्यों— गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखण्ड और बिहार से होकर गुजरेगी। कुल मिलाकर यह अभियान 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गाँवों तक पहुँचकर जन-जन को सेवा के सूत्र में जोड़ेगा। छत्तीसगढ़ के 18 राजस्व व 21 संगठन जिलों से यह यात्रा गुजरेगी।


अन्य पोस्ट