रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 सितंबर। संतोषी नगर इलाके में एक रिटायर्ड आबकारी विभाग के कर्मचारी से लूट का मामला सामने आया है। आटो सवार तीन युवकों ने सवारी बिठाने के बहाने अपने साथ ले गए। जिसके बाद उसे डरा धमका कर उसकी जेब में रखे नकदी 26 हजार रूपए को लूट ले गए। इसकी शिकायत पीडि़त ने टिकरापारा थाना में दर्ज कराई है। टिकरापारा निवासी महावीर ने बताया कि वह आबकारी विभाग में वाहन चालक के पद से सेवानिवृत्त हैं, गुरूवार को वह जगदलपुर से बस से रायपुर पहुंचे थे। शाम 4. 30 बजे मार्बल पैलेस के सामने सर्विस रोड, संतोषी नगर में बस से उतरने के बाद वे संतोषी नगर चौक की ओर पैदल जा रहे थे।
इसी दौरान सीजी 07 टी 2092 ऑटो में चालक के साथ तीन युवक पहुंचे और उसे सवारी बिठाने बहाने उसे ऑटो में बिठा लिया। जिसके बाद आरोपियों ने उसे कुछ दूर ले जाकर उसे डरा-धमका कर जबरदस्ती उसके जेब में हाथ डालकर उसमें रखे 26 हजार रूपए को निकाल लिए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें धमकी देते हुए ऑटो से उतार दिया और संतोषी नगर चौक की ओर फरार हो गए।
पीडि़त ने बताया कि ऑटो में पीछे बैठे तीनों युवक आपस में बातचीत के दौरान अपना नाम शंभू लाल, राकेश और लक्की बता रहे थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 309 के तहत अपराध दर्ज किया है। बताए गए ऑटो के नम्बर से आरोपियों की तलाश की जा रही है।