रायपुर

होटल-बार संचालकों को पुलिस के कड़े निर्देश, ऐसे गाने न बजाएं जिनसे विवाद हो
18-Sep-2026 8:05 PM
होटल-बार संचालकों को पुलिस के कड़े निर्देश, ऐसे गाने न बजाएं जिनसे विवाद हो

समय के बाद शराब न बेचे, सीसीटीवी हमेशा चालू रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 सितंबर। डीसीपी सेंट्रल जोन  तारकेश्वर पटेल ने शुक्रवार को सिविल लाइन एवं तेलीबांधा क्षेत्र के होटल एवं बार संचालकों के साथ बैठक की।  बैठक में एडिशनल डीसीपी  विवेक शुक्ला, एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू तथा संबंधित थाना प्रभारी  भी रहे।

बैठक के दौरान होटल एवं बार संचालकों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय का कड़ाई से पालन किया जाए तथा निर्धारित समय के बाद बार/रेस्टोरेंट खुले न रखें। जिन प्रतिष्ठानों के पास बार संचालन का वैध लाइसेंस नहीं है, वहां शराब न परोसें।। हुक्का एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन पूर्णत: प्रतिबंधित रखा जाए तथा बार में नाबालिगों के प्रवेश पर विशेष निगरानी रखते हुए उनका प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए।

होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि किसी भी गेस्ट को कमरा आवंटित करने से पूर्व उसका वैध पहचान पत्र एवं मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से रिकॉर्ड में लिया जाए तथा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए। साथ ही किसी विदेशी नागरिक/मेहमान के होटल में ठहरने से पूर्व निर्धारित प्रारूप में संबंधित पुलिस थाने को आवश्यक सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

सुरक्षा की दृष्टि से होटल एवं बार परिसर तथा स्टोरेज एरिया में ष्टष्टञ्जङ्क कैमरे चालू हालत में रखने, उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने तथा आवश्यकता पडऩे पर पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी प्रकार की देह व्यापार संबंधी गतिविधि को पूर्णत: प्रतिबंधित रखने तथा प्रतिष्ठान में होने वाली गतिविधियों पर संचालक द्वारा प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

 ऐसे किसी भी आयोजन, गाने अथवा म्यूजिक से बचने के निर्देश दिए गए जिससे विवाद अथवा धार्मिक भावनाओं को आहत करने की स्थिति उत्पन्न हो। किसी विशेष आयोजन में सेलिब्रिटी अथवा अन्य विशिष्ट व्यक्ति को बुलाए जाने से पूर्व संबंधित पुलिस को आवश्यक सूचना एवं अनुमति की प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए गए।

डीसीपी द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि होटल एवं बार परिसर में विवाद, लड़ाई-झगड़ा अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 एवं संबंधित थाना पुलिस को दी जाए। साथ ही फायर सेफ्टी मानकों का पालन करते हुए अग्निशमन उपकरणों को चालू एवं उपयोग योग्य स्थिति में रखा जाए तथा महिला सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरती जाए।


अन्य पोस्ट