रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 16 सितंबर। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, राजपुर के खेल मैदान में मंगलवार को सरगुजा ओलंपिक 2026-27 खेल प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। स्वस्थ युवा, समृद्ध सरगुजा और खेलो सरगुजा, बढ़ो सरगुजा के ध्येय के साथ आयोजित प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने की। इस दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्कूली बच्चे, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया अभियान से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से विकासखंड से जिला और संभाग स्तर तक खिलाडिय़ों को आगे बढऩे का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फुटबॉल के अलावा खो-खो सहित कई पारंपरिक ग्रामीण खेलों को भी प्रोत्साहित करने की जरूरत है।
विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में युवाओं और विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरगुजा ओलंपिक स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढऩे का मंच प्रदान करेगा। उन्होंने खिलाडिय़ों से खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।
राजपुर एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। पिछले वर्ष जहां करीब 9 हजार पंजीयन हुए थे, वहीं इस बार 19 हजार से अधिक खिलाडिय़ों ने पंजीयन कराया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी पारंपरिक खेलों सहित अलग-अलग स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष विनय भगत, उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रवीण अग्रवाल, गौरीशंकर अग्रवाल, जगवंशी यादव, शशिकला भगत, उदय यादव, प्रशांत सिंह, राजेश यादव, गौरव उपाध्याय, सीईओ संजय दुबे, तहसीलदार प्रतीक जायसवाल, बीईओ जतरुराम नागदेव, मंडल संयोजक संतोष सिंह, प्रदीप जायसवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।