रायपुर

मशीन आपरेटर पर 1.76 लाख का सामान गबन किया, अमानत में खयानत दर्ज
16-Sep-2026 7:52 PM
मशीन आपरेटर पर 1.76 लाख का सामान गबन किया, अमानत में खयानत दर्ज

फर्म में काम के दौरान 35 बोरी गेहंू, 40 बोरी आटा बेच खाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 सितंबर। गोगांव रोड स्थित तत्वा एग्रीटेक आटा चक्की के संचालक ने अपने ही कर्मी पर 1.76 लाख का गबन करने का आरोप लगाया है उसने इसकी शिकायत खमतराई थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में फर्म के संचालक संकल्प शर्मा की शिकायत पर  राजस्थान निवासी मोहम्मद आरिफ खान के खिलाफ धारा 316(4)  के तहत अपराध दर्ज किया है।

उसने शिकायत में बताया कि तत्वा एग्रीटेक में नई मशीन स्थापित होने के बाद मशीन संचालन और आटा बिक्री का काम सिखाने के लिए आरिफ खान को कर्मचारी रखा गया था। इस बीच 29 जुलाई को आरिफ ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे को बंद कर दिया। इस दौरान फर्म में गेहंू से भरी 50 किलो की 35 बोरी और 40 बोरी आटा को उसकी अनुपस्थिति में दूसरे को बेच दिया गया। इसके अलाचा आरिफ ने अन्य स्थानों से फर्म की सप्लाई  की रकम को आरोपी ने फर्म में जमा न कर अपने पास रख लिया।

संचालक को फर्म में बिक्री रकम और फर्म के भंडारण में अंतर को लेकर भनक लगी तो उसने  इस बारे में आरिफ से पूछताछ की  पूछताछ करने पर कर्मचारी ने अपनी गलती स्वीकार कर 1,76,355 रुपए दो-तीन दिनों में जमा करने के लिए समय मांगा था। इसके चार दिन बाद वह घर जाने की बात कहकर वापस आने का आश्वासन देता रहा। 13 अगस्त को आरिफ से आखिरी बार व्हाटसअप पर बातचीत हुई थी। इसके बाद संपर्क नहीं हुआ उसका मोबाइल भी बंद आने लगा। संकल्प शर्मा ने अपने साथ ठगी होने के शक में खमतराई थाना जाकर इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दूकान में लगे सीसीटीवी रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज के माध्यम से जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट