रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 सितंबर। दिगंबर जैन समाज का परवाधीराज पर्युषण पर्व बुधवार से प्रारंभ हुआ ।कचना,अमलतास केवल स्थित मुनि सुब्रत नाथ दिगंबर जैन मंदिर में महापर्व के प्रथम दिवस उत्तम क्षमा धर्म मनाया गया।इसमें प्रात 7: 30 बजे सुश्राविका श्रीमती गरिमा पालीवाल ने मंदिर परिसर में ध्वजारोहण किया । इसके बाद श्रीजी को पाण्डुक शीला पर विराजित कर अभिषेक व शांति धारा नित्य पूजन के पश्चात दस लक्षण विधान की आराधना की गई। सुरेश मोदी ने बताया कि अपमान ,दुर्व्यवहार या कष्ट पहुंचाने पर भी मन में क्रोध या बदले की भावना मन में ना लाना उत्तम क्षमा धर्म है।
क्षमा करना कमजोर व्यक्ती की विवशता नहीं परन्तु बलवान और वीर मनुष्यों का आभूषण माना जाता है।क्षमा करने से हृदय में शीतलता और आंतरिक आनंद की अनुभूति होती है जबकि प्रतिशोध की भावना मन को अशांत करती है. प्रतिकूल परिस्थितियों को सहज भाव से सहन करने पर पुराने कर्मों की निर्जरा का नाश होता है ।
मन की बात पूरी न हो, तब भीतर क्रोध का जन्म
रायपुर, 16 सितंबर। श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में चल रहे समयोपदेश वर्षायोग 2026 के अंतर्गत पूज्य मुनि श्री आगम सागर ससंघ के सानिध्य में उत्तम क्षमा दिवस मनाया गया।
प्रात: 5.30 बजे प्रार्थना एवं ध्यान योग से हुई। इसके पश्चात प्रात: 6.30 बजे श्रीजी का अभिषेक एवं पूजन भक्तिभाव से किया गया। वर्षायोग समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन एवं कार्यकारी अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि प्रात: 8.15 बजे श्रद्धालुओं ने तत्त्वार्थ सूत्र की धार्मिक कक्षा के माध्यम से स्वाध्याय का किया। प्रथम 4 स्वर्ण कलशों से श्रीजी का प्रथम अभिषेक सनत कुमार जैन, संजय जैन सतना, सुमित पंड्या एवं धर्मचंद गंगवाल ने किया। शांतिधारा सनत कुमार जैन, मनोज जैन, रोमिल जैन, सौम्य कुमार जैन ने किया। मूलनायक भगवान के ऊपर प्रथम छत्र प्रीतम जैन, श्रीमती सरिता जैन, श्रद्धेय जैन एवं श्रीमती दीप्ति जैन ने अर्पित किया।
मुनि श्री आगम सागर ने अपनी मंगल देशना में कहा कि जब परिस्थितियां व्यक्ति के अनुकूल नहीं होतीं या उसके मन की बात पूरी नहीं होती, तब उसके भीतर क्रोध का जन्म होता है। विचारणीय विषय यह है कि गुस्सा कभी किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। गुस्से से कोई काम बनता नहीं, बल्कि बना-बनाया काम भी पूरी तरह बिगड़ जाता है। प्रवचन के समापन पर मुनि श्री ने सभी श्रद्धालुओं को अपने भीतर के क्रोध को त्यागकर संयम, क्षमा और प्रेम के साथ जीवन जीने का संकल्प दिलाया।
पर्यूषण पर्व की अवधि में प्रतिदिन प्रात: 5.30 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक विभिन्न धार्मिक, अध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।